ब्रिटेन: किंग चार्ल्स की ताजपोशी का प्रोग्राम खत्म, प्रिंस हैरी को न्योता नहीं

International

(www.arya-tv.com) ब्रिटेन में किंग चार्ल्स की ताजपोशी के बाद रॉयल फैमिली ने पहली बार नए राजा-रानी का ऑफिशियल पोर्ट्रेट जारी किया। तस्वीर में चार्ल्स ने पर्पल रंग के कपड़े और शाही रोब्स पहन रखी हैं। उनके सिर पर इम्पीरियल स्टेट क्राउन, हाथ में सेप्टर और सॉवरिन ऑर्ब है। चार्ल्स जिस सिंहासन पर बैठे नजर आ रहे हैं। वो 121 साल पुराना है। इस तब के राजा किंग जॉर्ज पंचम और क्वीन मैरी के लिए बनाया गया था।

इसके अलावा भी रॉयल फैमिली ने कई तस्वीरें जारी कीं। इनमें नई क्वीन कैमिला, सहित राजा-रानी की साथ में फोटो और एक फैमिली फोटो भी शामिल हैं। इसमें किंग-क्वीन के साथ राजगद्दी के वारिस प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट भी नजर आ रही हैं। हालांकि, इस फोटो के लिए प्रिंस हैरी को न्योता नहीं दिया गया।

ब्रिटेन में 3 दिन तक चले ताजपोशी समारोह के खत्म होने पर किंग चार्ल्स ने एक संदेश भी जारी किया। उन्होंने समारोह में शामिल होने के लिए सभी मेहमानों को धन्यवाद दिया। इसके अलावा उन्होंने कहा- इस समारोह को सफल बनाने के लिए मैं और मेरी पत्नी उन सभी लोगों को शुक्रिया कहते हैं जिन्होंने अपना कीमती समय दिया। लंदन, विंस्डर और देशभर में अलग-अलग जगहों पर सेरेमनी के दौरान सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए भी सबका धन्यवाद।

जिन लोगों ने भी अपने घरों में या स्ट्रीट पर पार्टीज की उनको भी इस जश्न में शामिल होने के लिए मैं शुक्रिया कहता हूं। देश की जनता ने रॉयल फैमिली में हमेशा भरोसा जताया है और इसी नाते हम उनकी सेवा के लिए हमेशा तैयार रहेंगे।

किंग चार्ल्स को इम्पीरियल स्टेट क्राउन पहनाया गया है। इसका वजन 1.06 किलोग्राम है। इसमें 2 हजार 868 हीरे, 17 सैफायर, 11 एमरल्ड, 269 मोती और 4 रूबी जड़े हुए हैं। इस ताज में कलिनन डायमंड का दूसरा सबसे बड़ा टुकड़ा कलिनन II डायमंड जड़ा हुआ है। इसे कोहिनूर की जगह लगाया गया है। कलिनन दुनिया का सबसा बड़ा हीरा है।

पिछले साल सितंबर में क्वीन एलिजाबेथ के निधन के बाद चार्ल्स को नया राजा घोषित किया गया था। इसके बाद 6 मई को ताजपोशी समारोह का आयोजन किया गया। दोपहर 3:30 बजे शुरू हुई इस सेरेमनी में चार्ल्स और कैमिला को UK के नए राजा-रानी घोषित किया गया। इसके साथ ही किंग चार्ल्स ब्रिटेन के अब तक के सबसे बुजुर्ग राजा बन गए। किंग चार्ल्स की उम्र 74 साल है। किंग-क्वीन का काफिला दोपहर करीब 2:50 पर बकिंघम पैलेस से डायमंड जुबली स्टेट कोच से निकला। इसके बाद करीब 2 किलोमीटर की यात्रा करके काफिला वेस्टमिंस्टर ऐबे चर्च पहुंचा।

यहां 5 स्टेप्स में किंग की ताजपोशी की गई। सबसे पहले उन्हें किंग के तौर पर पहचान मिली। फिर आर्कबिशप ने चार्ल्स को शपथ दिलाई। इसके बाद उनका अभिषेक हुआ और फिर किंग चार्ल्स को सेंट एडवर्ड क्राउन पहनाया गया। आखिरी स्टेप में किंग और क्वीन अपनी राजगद्दी पर बैठे। 80 मिनट तक चली इस सेरेमनी के बाद किंग-क्वीन सुनहरे रथ में बैठकर बकिंघम पैलेस लौटे। इस दौरान ब्रिटेन के 5 हजार से ज्यादा सैनिकों ने मार्च पास्ट किया। ताजपोशी के बाद ब्रिटेन में अलग-अलग जगहों पर गन से सलामी दी गई।