लंदन। ग्रेटर मैनचेस्टर के पूर्व मेयर और मेकरफील्ड से सांसद एंडी बर्नहैम ब्रिटेन की सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के नए नेता चुने गए। जिसके बाद मध्य लंदन में आयोजित विशेष सम्मेलन में उन्हें निर्विरोध पार्टी नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही उनके ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। बर्नहैम ने सोमवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। लेबर पार्टी का नेता चुने जाने के बाद अपने पहले ऐतिहासिक भाषण में एंडी बर्नहैम ने “मैं तैयार हूं” का संदेश दिया और देश में नई राजनीतिक दिशा की शुरुआत करने का संकल्प जताया।
‘नई राजनीति’ और कामकाजी वर्ग को प्राथमिकता देने का वादा
बर्नहैम ने कहा कि उनकी सरकार का फोकस देश के कामकाजी वर्ग को फिर से सम्मान, उम्मीद और मजबूत भविष्य देना होगा। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन के हर हिस्से—चाहे वह इंग्लैंड का उत्तर और दक्षिण हो, स्कॉटलैंड हो या वेल्स—को समान महत्व और मजबूत आवाज दी जाएगी। उन्होंने मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था की आलोचना करते हुए कहा कि जनता पारंपरिक राजनीति से परेशान हो चुकी है। उनके अनुसार, पिछले दशकों में राजनीतिक शक्ति का केंद्रीकरण और आर्थिक क्षेत्रों के निजीकरण से आम लोगों पर आवास, ऊर्जा, पानी और परिवहन जैसी बुनियादी जरूरतों का बोझ बढ़ा है।
सोशल केयर और जनहित के मुद्दों पर जोर
नए लेबर नेता ने कहा कि उनकी राजनीति केवल चुनावी आंकड़ों और नंबरों तक सीमित नहीं होगी। वह सोशल केयर जैसे लंबे समय से उपेक्षित मुद्दों को प्राथमिकता देंगे और ठोस समाधान की दिशा में काम करेंगे। उन्होंने पार्टी में एकजुटता का आह्वान करते हुए कहा कि वे ‘एक लेबर टीम’ की संस्कृति विकसित करेंगे। उनकी कैबिनेट में पार्टी के अलग-अलग विचारों और गुटों से जुड़े नेताओं को शामिल किया जाएगा।
कीर स्टारमर को दिया धन्यवाद
अपने भाषण में एंडी बर्नहैम ने पूर्व प्रधानमंत्री और लेबर नेता कीर स्टारमर के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्टारमर के नेतृत्व में पार्टी ने बड़ी हार से वापसी करते हुए बड़ी जीत हासिल की और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रिटेन की छवि को मजबूत किया। बर्नहैम ने कहा कि अब लेबर पार्टी उन औद्योगिक और कामकाजी क्षेत्रों का विश्वास वापस जीतने का प्रयास करेगी, जिन्होंने ऐतिहासिक रूप से पार्टी को मजबूत आधार दिया था। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2009 में एनफील्ड (लिवरपूल) से उन्हें महसूस हुआ था कि ब्रिटेन की व्यवस्था कामकाजी वर्ग के लिए पर्याप्त रूप से काम नहीं कर रही है।
रिकॉर्ड समर्थन के बाद निर्विरोध चुने गए नेता
लेबर पार्टी के सम्मेलन में गृह मंत्री शबाना महमूद ने घोषणा की कि एंडी बर्नहैम एकमात्र योग्य उम्मीदवार थे। उन्हें सांसदों से 379 नामांकन मिले, जबकि पार्टी से जुड़े सभी 11 ट्रेड यूनियनों और सामाजिक संगठनों का भी समर्थन प्राप्त हुआ। निर्धारित मानदंडों को पूरा करने के बाद उन्हें निर्विरोध लेबर पार्टी का नया नेता घोषित किया गया।
डाउनिंग स्ट्रीट में सत्ता हस्तांतरण की तैयारी तेज
एंडी बर्नहैम के प्रधानमंत्री बनने से पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री आवास डाउनिंग स्ट्रीट में सत्ता हस्तांतरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद बर्नहैम ब्रिटेन की सरकार की कमान संभालेंगे। उनके सामने देश की अर्थव्यवस्था, सार्वजनिक सेवाओं, स्वास्थ्य व्यवस्था और कामकाजी वर्ग से जुड़े मुद्दों को लेकर बड़ी चुनौतियां होंगी। अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि बर्नहैम अपनी घोषित “नई राजनीति” को किस तरह लागू करते हैं।
