म्यांमार के साथ सीमा की स्थिति चुनौतीपूर्ण, भूटान और असम के बीच रेल लिंक पर बातचीत जारी: विदेश मंत्री एस जयशंकर

International

(www.arya-tv.com) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भूटान और असम को जोड़ने वाले रेल लिंक पर चर्चा चल रही है। वहीं, उन्होंने म्यामांर के साथ जुड़ी सीमा को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं को मजूबत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हम भूटान और असम के बीच रेल मार्ग बनाने पर बातचीत कर रहे हैं। भूटान पर्यटकों के लिए और अधिक प्वाइंट खोलने के लिए बहुत उत्सुक है और यह असम के लिए बहुत अच्छा है।

विदेश मंत्री ने आगे कहा कि म्यांमार के साथ सीमा की स्थिति चुनौतीपूर्ण है। सिटवे बंदरगाह चालू है और हमें उम्मीद है कि इस साल तटीय शिपिंग समझौता संपन्न हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून और व्यवस्था की स्थिति के कारण म्यांमार त्रिपक्षीय राजमार्ग एक बड़ी चुनौती है। हम चुनौतियों से निपटने के लिए म्यांमार के अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहे हैं।

इस दौरान उन्होंने चीन के साथ बिगड़े रिश्तों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि भारत-चीन सीमा वार्ता नहीं रुकी है। इस पर जल्द बैठक होगी। हमने पिछले तीन वर्षों में प्रमुख तनाव बिंदुओं पर प्रगति की है।