आज भारत के आसमान में ब्लूसुपरमून दिखाई देगा, जानें क्या है और कैसे देख सकेंगे

National

(www.arya-tv.com) खगोलीय घटनाओं में दिलचस्पी रखने वालों के लिए एक अनोखा मौका आने वाला है। इसी हफ्ते आसमान में जल्द ही एक सुपर ब्लू मून दिखाई देगा। ऐसे में अगर आप इस सुपर ब्लू मून को देखना चाहते हैं तो 30 अगस्त को आसमान में आपको एक खूबसूरत नजारा देखने को मिलेगा।

इस घटना को देखना और भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि अगले कई वर्षों में यह घटना दोबारा नहीं होगी। हालांकि ब्लू मून सिर्फ एक शब्द है। इसमें चांद का रंग नीला नहीं होता है। जब यह यह घटना समाप्त हो जाएगी तो यह इस साल देखा जाने वाला तीसरा सबसे बड़ा चंद्रमा होगा।

लेकिन आखिर यह क्या है? चिंता मत कीजिए, आपको सबकुछ हम बताएंगे। एक ही महीने में जब दो पूर्णिमा दिखाई दे, उसे ब्लू मून कहते हैं। पूर्णिमा आम तौर पर महीने में सिर्फ एक ही बार दिखाई देती है। लेकिन जब ब्लू मून हो तो यह दो बार होती है। एक पूर्णिमा 29.5 दिनों बाद आती है। साल भर में 12 महीने होते हैं, लेकिन 12 पूर्णिमा 354 दिनों में पूरी हो जाती है। एक 13वां पूर्णिमा हर 2.5 वर्षों में दिखता है। 13वां चंद्रमा वाला साल ही ब्लू मून होता है।

क्यों कहते हैं सुपर ब्लू मून

चंद्रमा धरती का चक्कर लगाता है। लेकिन इस दौरान धरती से इसकी दूरी कम और ज्यादा भी होती रहती है। जब पूर्णिमा हो और चांद धरती के करीब भी हो तो यह सुपरमून कहलाता है। इस दौरान यह ज्यादा बड़ा और चमकीला दिखाई देता है। औसतन सुपरमून बाकी पूर्णिमा से 16 फीसदी ज्यादा चमकदार दिखता है। क्योंकि 30 अगस्त को सुपरमून भी है और साथ ही ब्लू मून भी है, इस कारण इसे सुपर ब्लू मून कहा जा रहा है।

कब दिखाई देगा सुपर ब्लूमून

इसे देखने का सर्वोत्तम दृश्य सूर्यास्त के बाद होगा। 30 अगस्त 2023 को रात 8.37 बजे सुपरमून अपनी सबसे ज्यादा चमक पर पहुंचेगा। चंद्रमा को देखने के लिए शाम का समय सबसे अच्छा मेल खाता है। ब्लू सुपरमुन बेहद दुर्लभ है। नासा के मुताबिक खगोलीय स्थितियों के कारण ये चंद्रमा हर दस साल में केवल एक बार दिखाई देते हैं। कई बार यह 20 वर्षों में भी दिखाई दे सकते हैं।