भाजपा निकाय चुनाव में हासिल करेगी ऐतिहासिक जीत-ब्रजेश पाठक

Lucknow
  • हलवासिया कोर्ट में पूजन हवन मंत्रोच्चारण के साथ हुआ महापौर चुनाव कार्यालय का उद्घाटन
  • ब्रजेश पाठक, सुरेश खन्ना, डॉ. दिनेश शर्मा, आशुतोष टंडन,सुषमा खर्कवाल कार्यक्रम में मौजूद

लखनऊ। भाजपा सरकार प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा रोजगार से लेकर कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने में लगातार प्रयासरत है। उप्र को विकास के पथ पर ले जाने के लिए अग्रसर है और इसके सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहे हैं। विकास को रफ्तार देने के लिए प्रदेश की जनता नगर निकाय चुनाव में भाजपा कार्यकतार्ओं को भारी बहुमत से जिताये। आप सबका एक-एक वोट कीमती है,सोच समझकर मतदान करें। यह बातें शुक्रवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक नेहजरतगंज स्थित हलवासिया कोर्ट में भाजपा महापौर प्रत्याशी सुषमा खर्कवाल के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान संबोधित क रते हुए कही। डिप्टी सीएम ने भाजपा महापौर प्रत्याशी सुषमा खर्कवाल को जीत की अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दीं। ब्रजेश पाठक ने कहा कि लखनऊ में ब्रह्मोस जैसी मिसाइल तैयार होंगी। रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए तमाम कंपनियां आगे आ रही है। जल्द ही लखनऊ दुनिया के पैमाने पर चमक बिखेरेगा, जो व्यवस्था पूर्व मेयर डॉ. एससी राय, डॉ. दिनेश शर्मा, संयुक्ता भाटिया ने बनाई थी वह विकास कार्यो को शुरू कराया है और उसी कड़ी को आगे बढ़ाया जा रहा है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने जनता से वोट के मोल को पहचाने की अपील करते हुए कहा कि वोट हमारी ताकत है,इसका सही इस्तेमाल करें और अधिक से अधिक मतदान करने में अपनी भागीदारी पेश करें। भाजपा कार्यकतार्ओं को जीताएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पहले से बेहतर हुई है। इसके पहले माफिया राज था, अब माफिया घुटनों के बल पर आ गए हैं। स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हो रही हैं, प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। डायलिसिस की सुविधा प्रत्येक जिले में की जा रही है। मुफ्त सीटी स्कैन और एमआरआई जांच की सुविधा को विस्तार किया जा रहा है। नर्सिंग कॉलेजों में पढ़ाई की गुणवत्ता सुधार की दिशा में प्रयास किये जा रहे हैं। स्वकेंद्र परीक्षा प्रणाली खत्म की गई है। वहीं कार्यालय में सर्वप्रथम विधि विधान से पूजन हवन मंत्रोच्चारण के साथ उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, पूर्व डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा, आशुतोष टंडन समेत पार्टी कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे।