रांची के बीआईटी मेसरा के हॉस्टल में छात्रा की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव

# ## National

झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (BIT Mesra) के हॉस्टल में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बीआईटी थाना क्षेत्र में स्थित संस्थान के हॉस्टल नंबर-9 के कमरे में शुक्रवार देर रात छात्रा का शव फंदे से लटका मिला. जानकारी मिलते ही पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

मृतका की पहचान झारखंड के गोड्डा जिले की रहने वाली अंजली सुमन के रूप में हुई है. अंजली बीआईटी मेसरा में एमएससी की छात्रा थी और हॉस्टल नंबर-9 में रहकर पढ़ाई कर रही थी. शुक्रवार शाम वह कॉलेज से लौटने के बाद अपने कमरे में चली गई थी. इसके बाद काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकली.

अंजली के कमरे का दरवाजा बंद था

बताया जा रहा है कि रात के समय जब छात्राएं डिनर के लिए जाने लगीं, तब अंजली के कमरे का दरवाजा बंद था. उसकी सहेलियों ने जब काफी देर तक उसे बाहर नहीं देखा तो उन्हें संदेह हुआ. इसके बाद उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. सहेलियों ने जब किसी तरह अंदर झांककर देखा तो अंजली पंखे से फंदे के सहारे लटकी हुई दिखाई दी.

इसके बाद हॉस्टल में मौजूद अन्य छात्राओं को मामले की जानकारी दी गई. छात्राओं ने तत्काल इसकी सूचना कॉलेज प्रबंधन को दी. संस्थान की ओर से घटना की जानकारी बीआईटी थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम हॉस्टल नंबर-9 पहुंची और छात्रा के शव को नीचे उतरवाया.

सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है

पुलिस ने छात्रा के कमरे की तलाशी भी ली, लेकिन शुरुआती जांच में वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. ऐसे में अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अंजली ने यह कदम क्यों उठाया. क्या वह पढ़ाई को लेकर किसी तरह के तनाव में थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है.

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. छात्रा के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. देर रात घटना होने के कारण पुलिस परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया पूरी करेगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

फिलहाल पुलिस छात्रा के कमरे, उसके साथियों और कॉलेज से जुड़े लोगों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले अंजली की मानसिक स्थिति कैसी थी और उसके साथ आखिरी बार किसने बातचीत की थी.