मध्य प्रदेश के खरगोन में बड़ा हादसा, 50 फीट ऊंचे पुल से गिरी बस, 3 बच्चों समेत 17 की मौत

National

(www.arya-tv.com) मध्य प्रदेश के खरगोन में मंगलवार सुबह 8.40 बजे एक बस 50 फीट ऊंचे पुल से गिर गई। हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई। इनमें 3 बच्चे और 6 महिलाएं शामिल हैं। बस डोंगरगांव और दसंगा के बीच बोराड़ नदी के पुल की रेलिंग तोड़कर नीचे जा गिरी। नदी सूखी हुई थी। खरगोन के सिविल सर्जन डॉ. अमर सिंह चौहान ने बताया कि 3 घायल यात्रियों की मौत जिला अस्पताल में हुई है। करीब 35 घायलों को अस्पताल लाया गया है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं।

डोंगरगांव के रहने वाले राज पाटीदार ने बताया कि मां शारदा ट्रेवल्स की बस में 50 से अधिक लोग सवार थे। पुलिस-प्रशासन से पहले डोंगरगांव और लोनारा के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हमने बस के कांच फोड़कर घायलों को बाहर निकाला। घायलों को अपने संसाधनों से अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव से पांच मिनट पहले ही बस निकली थी। बस तेज रफ्तार में चल रही थी।

मौके पर एंबुलेंस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं। IG राकेश गुप्ता ने बताया कि खरगोन के बेजापुर से इंदौर की ओर जा रही थी। रफ्तार तेज होने के कारण अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए पुल से नीचे जा गिरी। बस में 50 से अधिक यात्री थे। नदी सूखी होने के कारण अधिकतर यात्रियों को चोट लगी है। 17 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

SDM ने बताया कि हादसा जिला मुख्यालय से करीब 34 किलोमीटर दूर ऊन थाना क्षेत्र के डोंगरगांव के समीप हुआ। फिलहाल बस चालक का पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक ऐसा प्रतीत होता है कि ड्राइवर को नींद का झोंका आ गया था, तभी बस अनियंत्रित हो गई।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुर्घटना पर शोक व्यक्ति किया। मध्यप्रदेश सरकार ने खरगोन बस दुर्घटना में मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपए और मामूली रूप से घायलों को 25-25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने ट्वीट कर घटना पर शोक जताया।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट किया शोक जताया है। उन्होंने लिखा- ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है। राहत और बचाव दल को अपने अभियान में शीघ्र सफलता मिले, ऐसी प्रार्थना है।