भोजपुरी सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जिसने उनके फैंस को हैरान कर दिया है. आमतौर पर जहां लोग पहले शादी और फिर फैमिली प्लानिंग करते हैं. वहीं आम्रपाली की सोच इससे बिल्कुल अलग है. उन्होंने खुलकर कहा कि उनकी जिंदगी में सबसे बड़ी प्राथमिकता मां बनना है और इसके लिए वह शादी का इंतजार भी नहीं करना चाहतीं.
हाल ही में रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ से बातचीत के दौरान आम्रपाली ने बताया कि वह एक बेटी को गोद लेना चाहती हैं. उन्होंने कहा कि यह कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं है, बल्कि बचपन से ही उनके मन में बच्चों के लिए खास लगाव रहा है. इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि उनके लिए पहले मां बनना जरूरी है, जबकि शादी बाद में भी हो सकती है.
एक बेटी को गोद लेना चाहती हैं आम्रपाली
भोजपुरी बवाल शो में आम्रपाली ने खुलकर बताया है कि वो मां बनना चाहती हैं और एक बेटी को गोद लेना चाहती हैं. बातचीत के दौरान आम्रपाली ने कहा, “मैंने इस बारे में बहुत सोचा है और तय किया है कि मैं एक बेटी को गोद लेना चाहती हूं.” उनकी यह बात सुनकर निरहुआ भी हैरान रह गए और पूछा कि आखिर उन्होंने ऐसा फैसला क्यों लिया. इस पर आम्रपाली ने बताया कि यह कोई अचानक लिया गया निर्णय नहीं है.
उन्होंने कहा, “मैंने यह फैसला एक दिन में नहीं लिया है. बचपन से ही जब भी किसी बच्चे को देखती थी, उसे गोद में लेने और खूब प्यार करने का मन करता था. जब भी अपने भाई-बहनों के बच्चों के साथ समय बिताती हूं, तो उनकी देखभाल करने का मन करता है. मैं डायपर बदलना भी जानती हूं और बच्चों की देखभाल करना मुझे अच्छा लगता है.”
मां बनने के लिए शादी का नहीं करना चाहतीं इंतजार
आम्रपाली ने आगे कहा कि पहले उन्हें लगा था कि यह सिर्फ एक भावुक एहसास है, लेकिन समय के साथ उन्हें समझ आया कि यह उनकी दिल से जुड़ी इच्छा है. उन्होंने कहा, “पहले मुझे लगा कि यह सिर्फ एक भावना है, लेकिन बाद में एहसास हुआ कि यह मेरी अंदरूनी चाहत है. मेरे अंदर जो प्यार और ममता है, उसे मैं एक बच्चे के साथ बांटना चाहती हूं.” उन्होंने साफ कहा कि जिंदगी में कई चीजों पर समझौता किया जा सकता है, लेकिन मां बनने की इच्छा पर नहीं. उन्होंने कहा कि मुझे एक बच्चा चाहिए और मैं इसके लिए पूरी तरह तैयार हूं. आम्रपाली ने साफ कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता शादी नहीं, बल्कि मां बनना है.
क्या है भोजपुरी बवाल?
‘भोजपुरी बवाल’ भारत का पहला भोजपुरी सेलिब्रिटी रियलिटी शो है, जिसमें सितारे अपनी निजी और प्रोफेशनल जिंदगी से जुड़े किस्से खुलकर शेयर करते हैं. शो में पवन सिंह, दिनेश लाल यादव (निरहुआ), आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव जैसे सितारे नजर आ रहे हैं. यह शो जियोहॉटस्टार और कलर्स टीवी पर देख सकते हैं.
