बरेली में कानून-व्यवस्था की स्थिति मजबूत बनाए रखने को लेकर पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में बड़ा फेरबदल हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य ने एक साथ 67 दरोगाओं का ट्रांसफर कर दिया है। पुलिस लाइन से कई दरोगा थाने और चौकियों में भेजे गए हैं, जबकि कईयों को एक थाने से दूसरे में तैनात किया गया है। बरेली पुलिस की यह कसरत कानून-व्यवस्था के संदर्भ में है।
बरेली में पिछले अगस्त महीने में बड़े धार्मिक आयोजन संपन्न हुए हैं। सावन भर पुलिस की सक्रियता और चुनौती बरकरार रही। इसी बीच उर्से रजवी संपन्न हुआ। जश्ने-ईद मिलादुन्नबी भी। इस दरम्यान में बरेली में बड़े जुलूस, लाखों की भीड़ उमड़ी। लेकिन सभी आयोजन-कार्यक्रम बड़े शांति और सुकून के साथ संपन्न हुए। अब पुलिस एक बार फिर कानून-व्यवस्था की अपनी अगली रणनीति के तहत पुलिसकर्मियों को फिट कर रही है। एसएसपी अनुराग आर्य द्वारा एक साथ 67 दरोगाओं का ट्रांसफर भी इसी का हिस्सा माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि बरेली की कानून व्यवस्था और बेहतर होगी।
