गिरफ्तारी की सूचना से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष लल्लू ने बांदा दौरा रद्द किया

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ‘गाय बचाओ-किसान बचाओ’ पदयात्रा निकाल रही है। इसी क्रम में गुरुवार को बांदा में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू पदयात्रा निकालने वाले थे। लेकिन गिरफ्तारी की सूचना पाकर उन्होंने अपना दौरा रद्द कर दिया। उनकी गैर मौजूदगी में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

केन नदी के पुल पर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

गुरुवार को कांग्रेस के कार्यकर्ता केन नदी के पुल पर प्रदेश अध्यक्ष लल्लू का स्वागत करने के लिए जुटे थे। वहीं, प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस भी मुस्तैद थी। जिला प्रशासन ने जगह-जगह बैरीकेटिंग कर फोर्स लगा रखी थी। जब कार्यकर्ताओं को पता चला कि प्रदेश अध्यक्ष नहीं आने वाले हैं तो खुद पदयात्रा पर निकल पड़े। योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस ने कांग्रेसियों को रोकने का प्रयास किया तो झड़प हुई। पुलिस ने गिरफ्तारी शुरू की तो कांग्रेसी रोड पर बैठ गए।

आखिरकार पुलिस ने जबरन उन्हें रोड से उठाकर वैन में बैठाया। फोर्स ने सभी कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर अस्थाई जेल भेज दिया। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने बताया कि योगी सरकार ने गायों के नाम पर सिर्फ राजनीति की है। जबकि गायों की मौजूदा हालात बदतर हो चुकी है। इसी के विरोध में कांग्रेस हर जिले में प्रदर्शन कर रही है।