16,000 फीट की ऊंचाई पर टूटा एयरक्राफ्ट का दरवाजा, मुकेश अंबानी के पास भी है ऐसा विमान

# ## International

(www.arya-tv.com) अमेरिका में हाल में अलास्का एयरलाइन के एक विमान का दरवाजा उड़ान के दौरान टूट गया था। बोइंग 737-9 मैक्स सीरीज के इस विमान की तुरंत एमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

इस घटना के बाद अमेरिका ने इन विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी है। भारत में भी एविएशन रेगुलेटर डीजीसीए (DGCA) ने विमानन कंपनियों को उनके बेड़े में शामिल बोइंग 737-8 मैक्स विमानों की इमरजेंसी एग्जिट डोर के सिक्योरिटी चेक के आदेश दिए हैं।

एशिया के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास बोइंग 737-9 मैक्स टाइप विमान है जिसमें प्लग्ड मिड-कैबिन एग्जिट डूर है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में फ्लाइट डेटा प्रोवाइडर Cirium के हवाले से यह दावा किया गया है।

अलास्का एयरलाइन्स के विमान में हुए हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन इस घटना ने इस विमान के सेफ्टी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही इससे अमेरिका की विमान बनाने वाली कंपनी बोइंग पर भी सवाल खड़े हुए हैं क्योंकि सेफ्टी कारणों से कई एयरलाइन कंपनियों को अपने पूरे फ्लीट्स की उड़ान रोकनी पड़ी है।

रिलायंस ने 737-9 मैक्स विमान को पिछले साल अपने बेड़े में शामिल किया था। रिलायंस के एक प्रवक्ता ने इस पर टिप्पणी नहीं की। रिलायंस के कॉरपोरेट फ्लीट में कई दूसरे विमान भी शामिल हैं।

इनमें Embraer SA ERJ 145 एयरक्राफ्ट और एक Airbus SE A319 शामिल है। साथ ही कंपनी के हैंगर में दो हेलीकॉप्टर भी शामिल हैं। इनमें एक Daulphin और एक Sikorsky शामिल है।

40 देशों ने लगाया था बैन

बोइंग के 737 सीरीज के विमानों का रेकॉर्ड अच्छा नहीं है। अक्टूबर 2018 में बोइंग 737-8 मैक्स विमान इंडोनेशिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में 189 लोग मारे गए थे।

इसके पांच महीने बाद मार्च 2019 में अफ्रीकी देश इथियोपिया में हुए एक अन्य हादसे में 157 लोग मारे गए थे। इन हादसों के बाद भारत समेत दुनिया के 40 से ज्यादा देशों ने बोइंग 737 मैक्स विमानों को बैन कर दिया था।

18 महीने की जांच के बाद अमेरिका ने मैक्स विमानों की उड़ान पर लगी रोक हटाई। इसके बाद बाकी देशों ने भी बोइंग 737 मैक्स विमानों को हरी झंडी दे दी।