कोहरे में गुम हुआ ताजमहल:घंटों इंतजार के बाद हुए दीदार

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com) ताजनगरी आगरा में पारा न्यूनतम 6 डिग्री तक पहुंच गया। बुधवार सुबह तड़के से आसमान में धुंध का असर देखने को मिला। कोहरे के कारण सुबह आठ बजे तक पर्यटकों को डायना सीट से ताजमहल नजर नहीं आया। मौसम विभाग के अनुसार रात में तापमान में और गिरावट आ सकती है और बुधवार को कोहरा बढ़ने के आसार हैं।

सोमवार को क्रिसमस के दिन आगरा में ठंड का जबर्दस्त असर था। पारा न्यूनतम 6 डिग्री तक पहुंच गया था और सीजन का सबसे ठंडा दिन रिकार्ड किया गया था। अधिकतम तापमान 17 डिग्री से कम हो गया है। घना कोहरा भी छाया था। मंगलवार को भी शीतलहर ने ठंड और ठिठुरन बढ़ा दी है। सुबह धुंध छाई रही।

सुबह नहीं दिखा ताज
साल के आखिरी सप्ताह में तमाम पर्यटक ताजमहल आ रहे हैं। सोमवार को लगभग 30 हजार के करीब सैलानी ताजमहल देखने पहुंचे थे। मंगलवार को भी पर्यटकों की सुबह से लाइन लग गई। करीब 8 बजे तक कोहरे के कारण पर्यटकों को रॉयल गेट और सेंट्रल टैंक से ताजमहल साफ नजर नहीं आ रहा था। यमुना पार महताब बाग से भी दृश्यता शून्य होने के कारण सूर्योदय के समय ताजमहल दर्शन नहीं हो पाए। हालांकि सर्दी के बीच पर्यटकों ने पूरा आनंद उठाया। इस दौरान भीड़ को देखते हुए पुलिस भी मुस्तैद रही।

बढ़ सकती है ठंड और कोहरा
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार मंगलवार को तापमान में और गिरावट हो सकती है। शाम से ही कोहरे के कारण वाहनों को काफी धीमे चलना पड़ रहा है और सुबह कोहरा अधिक होने की उम्मीद है।