बदायूं में बच्ची से दुष्कर्म के बाद की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Bareilly Zone UP

बरेली(www.arya-tv.com) सिविल लाइंस इलाके में पांच वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म के बाद युवक ने हत्या कर दी। वह अपने खेत में गेहूं की बालियां बीन रही थी। कुछ दूरी पर उसके माता-पिता गेहूं काट रहे थे। घटना के बाद शोर पर ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर जमकर धुनाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

मामला रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे का है। उस वक्त अनुसूचित जाति की पांच वर्षीय बच्ची गांव से कुछ दूर स्थित खेत में गेहूं की बालियां बीन रही थी। नजदीक में उसके मां-बाप गेहूं काट रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक बच्ची के साथ गांव के अन्य बच्चे भी थे।

इस दौरान उन बच्चों को प्यास लगी। वह नजदीक के ट्यूबवेल पर पानी पीने चले गए लेकिन बच्ची वहीं रही। इसी दौरान एक खेत में छिपे करीब 30 वर्षीय युवक ने उसे पकड़ लिया। उसके साथ वहीं गेहूं के खेत में दुष्कर्म किया। बच्ची ने शोर मचाने की कोशिश की लेकिन आरोपी ने उसका गला दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। इधर, जब बच्चे लौटकर आए तो उन्होंने शोर मचाया।

इस पर ग्रामीण जुटे और आरोपी को पकड़कर धुनाई शुरू कर दी। सूचना पर सीओ सिटी चंद्रपाल सिंह और सिविल लाइंस इंस्पेक्टर सुधाकर पांडेय पहुंच गए। उन्होंने आरोपी को गिरफ्तार कर थाने भेजा। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बताया जा रहा है कि आरोपी गुफरान पुत्र शफीक अहमद उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के सुल्तानपुर का निवासी है। पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई करने में लगी है।

वारदात सिविल लाइंस क्षेत्र के एक गांव की है। बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। इस संबंध में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। वह खेत में कैसे पहुंचा, इसकी जांच कराई जा रही है।