प्रोन्नति और नई जिम्मेदारी पर एबीवीपी ने लखनऊ विश्वविद्यालय के शिक्षकों का किया सम्मान

Lucknow

लखनऊ। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ विश्वविद्यालय के हिंदी एवं आधुनिक भारतीय भाषा विभाग के डॉ. राहुल पाण्डेय को प्रोफेसर पद पर प्रोन्नति तथा हबीबुल्लाह छात्रावास का अभिरक्षक बनाए जाने पर सम्मानित किया। साथ ही राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ. जितेंद्र कुमार को आचार्य नरेंद्र देव छात्रावास का सहायक अभिरक्षक बनाए जाने की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलने पर भी पुस्तक भेंट कर और माल्यार्पण कर शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर एबीवीपी छात्र शक्ति पत्रिका पूर्वी उत्तर प्रदेश के संयोजक विकास तिवारी ने कहा कि परिषद के मुख्य शिल्पकार प्रो. यशवंतराव केलकर का मानना था कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण के प्रमुख मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता कठिन परिस्थितियों में शिक्षकों के मार्गदर्शन से प्रेरणा प्राप्त कर आगे बढ़ता है, इसलिए शिक्षकों का सम्मान करना सभी विद्यार्थियों का दायित्व है।

एबीवीपी लखनऊ उत्तर जिला के संयोजक अभिषेक सिंह ने कहा कि विद्यार्थी परिषद अपनी स्थापना काल से ही प्रत्येक वर्ष शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान करती आ रही है और उनके विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण के कार्य में आगे बढ़ती है। सम्मान समारोह में उदित सिंह, शिवांशु यादव, आकाश अग्निहोत्री सहित एबीवीपी के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।