आप सांसद संजय सिंह पर केस दर्ज, राम मंदिर में दलित को आमंत्रित न करने पर उठाए थे सवाल

UP
  • अलीगढ़ के बन्नादेवी थाने में दर्ज हुआ केस
  • दीपक सिंह नाम के शख्स ने दर्ज कराया केस

(www.arya-tv.com) आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद व उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के खिलाफ अलीगढ़ के बन्नादेवी थाने में केस दर्ज हुआ है। यह केस दीपक अग्रवाल नाम के शख्स ने दर्ज कराया है। दीपक का आरोप है कि, संजय सिंह ने राम मंदिर भूमि पूजन में दलित राष्ट्रपति को न बुलाए जाने और यूपी में ब्राह्मणों के एनकाउंटर को लेकर बयान देकर लोगों की भावनाएं आहत की हैं। बन्नादेवी थाना इंचार्ज रविंद्र सिंह ने बताया कि, तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है।

  • संजय सिंह ने क्या कहा था?

दरअसल उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण वोटरों को लुभाने के चक्कर में कांग्रेस, सपा, बसपा के बीच होड़ मची हुई है। इस होड़ में आप भी शामिल तब हो गई जब सांसद संजय सिंह ने राम मंदिर के भूमि पूजन में दलित राष्ट्रपति को न बुलाए जाने का मुद्दा उठाया। कहा कि, भूमि पूजन में प्रधानमंत्री को बुलाया जा सकता है तो राष्ट्रपति को क्यों नहीं? जब भाजपा ने उन्हें राष्ट्रपति बनाया था तो रैलियों में कहा गया कि भाजपा ने एक दलित को राष्ट्रपति बनाया है। कहा कि, इस पर देशभर के दलितों ने अपना रोष जाहिर किया। सरकार के प्रति लोगों में गुस्सा है।

वहीं प्रदेश सरकार पर जातिवादी होने का आरोप लगाते हुए संजय सिंह ने कहा था कि, यूपी में ठाकुरों को छोड़कर अन्य जातियों के साथ अन्याय किया जा रहा है। इतना ही नहीं ब्राह्मण समाज सरकार से बेहद नाराज है। भाजपा के 58 विधायक ब्राह्मण हैं। सभी में बेहद गुस्सा है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा से सवाल पूछा कि खुद ब्राह्मण होकर भी वह ब्राह्मणों के साथ हो रहे अन्याय पर चुप क्यों हैं। संजय सिंह ने प्रदेश सरकार में हो रहे अत्याचारों को लेकर भी कई सवाल उठाए थे। संजय सिंह ने एसटीएफ को स्पेशल ठाकुर फोर्स कहा था।