बर्रा एलिवेटेड रोड पर ड्यूटी के दौरान ट्रक ने दो ट्रैफिक सिपाहियों को रौंदा, एक की मौत

# ## Kanpur Zone

कानपुर। बर्रा एलिवेटेड रोड पर सोमवार तड़के करीब चार बजे ड्यूटी पर तैनात दो ट्रैफिक सिपाही तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में एक सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद भागने की कोशिश में ट्रक आगे चल रहे कंटेनर से जा भिड़ा, जिससे ट्रक चालक की भी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक ट्रैफिक सिपाही जितेंद्र वर्ष 2018 बैच के जवान थे और मूल रूप से आगरा के निवासी थे। घायल सिपाही राकेश कुमार, जो बुलंदशहर के रहने वाले हैं, को गंभीर हालत में कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कंटेनर से टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह पिचक गया और चालक का शव उसमें फंस गया। काफी मशक्कत के बाद केबिन काटकर शव बाहर निकाला गया। ट्रक चालक की शिनाख्त देर शाम तक नहीं हो सकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) डॉ. विपिन टाडा और डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जानकारी ली। दुर्घटना के चलते बर्रा एलिवेटेड रोड पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।