धर्मवीर हत्याकांड में पुलिस को मिले अहम सुराग: दो रिश्तेदार हिरासत में

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com) ताजगंज के महुआखेड़ा के रहने वाले धर्मवीर यादव की हत्या में पुलिस को सीसीटीवी से अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस जांच में शक की सुई धर्मवीर के दो रिश्तेदारों की ओर जाकर टिक गई है। पुलिस ने दोनों रिश्तेदारों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। करोड़ों रुपए की प्रॉपर्टी हत्या की वजह हो सकती है।

ताजगंज के महुआ खेड़ा का रहने वाला धर्मवीर यादव का शव शनिवार सुबह थार गाड़ी में फिरोजाबाद के नगला सिंधी थाना क्षेत्र में जंगल मार्ग पर मिला था। माथे पर बीचों बीच सटाकर गोली मारी गई थी। शव ड्राइविंग सीट के बराबर वाली सीट पर मिला था। सीट बेल्ट लगी हुई थी। गाड़ी में दो मोबाइल मिले थे।

घटना स्थल के पास ही शराब की खाली बोतल मिली थी। रात एक बजे धर्मवीर की अपने चचेरे भाई से फोन पर बातचीत हुई थी। तब तक वह जिंदा था। एसपी सिटी फिरोजाबाद सर्वेश मिश्रा ने घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई थीं। पुलिस ने महुआ खेड़ा से सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू किया था।

आगरा कैंट से किसी को गाड़ी में बैठाया
पुलिस सूत्रों की मानें तो जब सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किया तो उन्हें धर्मवीर आगरा कैंट स्टेशन की ओर जाते दिखा। पुलिस टीम भी कैंट पहुंची। पुलिस को पता चला कि आगरा कैंट से धर्मवीर ने अपने एक रिश्तेदार को गाड़ी में बैठाया था। रिश्तेदार फिरोजाबाद का निवासी है। बताया गया है कि रिश्तेदार उसका करीबी है। शक के आधार पर पुलिस ने रिश्तेदार और उसके भाई को हिरासत में लिया है।

उनसे पूछताछ की जा रही है। अभी तक की जांच में पुलिस को लग रहा है कि हत्या प्रोपर्टी की वजह से हुई है। हाल ही में धर्मवीर ने तीन करोड़ की जमीन बेची थी। उसके बाद थार गाड़ी लेकर आया था। वह इकलौता था। पिता की मौत के बाद पूरी प्रॉपर्टी उस अकेले की थी। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। छोटी बहन की शादी भी उसी परिवार में करने पर विचार चल रहा था।

एसएससी की कर रहा था तैयारी
धर्मवीर स्टूडेंट था। वो आगरा के भगवान टॉकीज स्थित कोचिंग से एसएससी की तैयारी कर रहा था। इकलौते बेटे की हत्या के बाद मां और बहनें सदमे में हैं।