(www.arya-tv.com) गोरखपुर के फैलहा के रहने वाले दिवंगत सैनिक धनंजय यादव की मौत के बाद उसे शहीद का दर्जा दिलाने की मांग की आड़ में दंगा कराने की साजिश रची गई थी। मंशा थी कि सीएम योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण के दिन उनके गृह जनपद से ही प्रदेश के कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया जा सके। यह साजिश सपा नेताओं ने रची थी, जिसे पुलिस ने नाकाम कर दिया। इसका खुलासा LIU की रिपोर्ट से हुआ है।
LIU ने इसकी रिपोर्ट SSP को सौंपी है। ड्रोन कैमरे की रिकॉर्डिंग से उपद्रवियों की पहचान कर पुलिस ने 56 लोगों को चिन्हित किया। इसके बाद 56 नामजद और 200 अज्ञात लोगों पर सात मुकदमे दर्ज किए गए। इन नामजद आरोपियों में एक दर्जन से ज्यादा सपा नेता हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया पर लोगों को उकसा कर बुलाया था और खुद भी उपद्रव में शामिल हुए थे।
यह एक सुनियोजित साजिश थी। इसका खुलासा इससे भी हुआ कि DM के आश्वासन के बाद मृतक के पिता मान गए थे। वे लगातार लोगों से जाने की अपील कर रहे थे, लेकिन उपद्रवी माने नहीं। उसके बाद उपद्रवियों ने पथराव किया, 10 गाड़ियों में तोड़-फोड़, आगजनी की। पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागकर स्थित पर काबू पाया। पुलिस ने सपा नेताओं और उपद्रवियों पर साजिश रचने और हत्या के प्रयास के साथ ही कई धाराएं लगाई हैं।
मनुरोजन यादव समेत तीन पर इनाम
पुलिस ने सपा नेता और चौरी चौरा से पूर्व विधायक प्रत्याशी खोराबार के मिर्जापुर निवासी मनुरोजन यादव, सपा नेता फैलहा निवासी अरविंद यादव और चौरी चौरा के सपा नेता नरसिंह यादव पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया है। पुलिस अब फरार आरोपियों के खिलाफ कोर्ट से वारंट कराकर कुर्की कराने की तैयारी कर रही है।
साथ ही मनुरोजन समेत सभी आरोपित नेताओं के पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही है कि उन्होंने पहले कब इस तरह की वारदात की थी या किसी सरकारी कर्मचारी को नुकसान पहुंचाया था। साथ ही कब-कब इन लोगों ने लोगों को भड़काने का काम किया था। इनका पुराना आपराधिक इतिहास है या नहीं। आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल कर इन सभी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जो भी नुकसान हुआ है उसकी भरपाई इनसे वसूली कर की जाएगी। वहीं, पिपराइच पुलिस ने रसूलपुर बरबसहा निवासी आरोपित चंदन और गौरव यादव के घर मुनादी कराई।
SSP डॉ. विपिन टाडा ने कहा कि 56 आरोपियों को चिन्हित किया गया है। इनमें से कुछ पार्टियों के नेता हैं। मौत के बाद परिजनों की भावनाओं का लाभ उठाकर साजिश रचकर उपद्रव कराया गया, ताकि माहौल खराब हो। नौ लोगों की गिरफ्तारी कर अन्य की तलाश की जा रही है। इन पर ऐसी कार्रवाई होगी, ताकि ये दोबारा इस तरह की हरकत न कर सकें।
पहले भी दर्ज हो चुका है मनुरोजन पर केस
मनुरोजन यादव सपा के पुराने नेता हैं। वह छात्र राजनीति से आए हैं। वह सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के करीबी माने जाते हैं। मनुरोजन की पत्नी गीतांजलि सपा से जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। पहले भी मनुरोजन सोशल मीडिया पर भड़काउ पोस्ट कर चुके हैं। उन पर पहले से भी केस दर्ज हैं।
नौ हुए हैं गिरफ्तार, 47 फरार
पुलिस ने शब्बीर अहमद उर्फ डब्लू, सपा के मुंडेरा बाजार के सभासद वसीम मोहम्मद, शत्रुघ्न, अभिमन्यू विश्वकर्मा, डब्लू यादव, आदित्य यादव, जय चंद मल्लाह, राजेश यादव, बृजेश यादव समेत 9 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। जबकि अभी भी 47 उपद्रवी फरार हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।