हमने दिखा दिया कि भाजपा की सीटों को घटाया जा सकता है, BJP का भ्रम दूर हो जाएगा:अखिलेश

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) विधानसभा चुनाव की हार के बाद अखिलेश का पहला ट्वीट सामने आया है। उन्होंने कहा कि, ‘उत्तर प्रदेश की जनता को हमारी सीटें ढाई गुनी और मत प्रतिशत डेढ़ गुना बढ़ाने के लिए हार्दिक धन्यवाद! हमने दिखा दिया है कि भाजपा की सीटों को घटाया जा सकता है। भाजपा का ये घटाव निरंतर जारी रहेगा। आधे से ज्यादा भ्रम और छलावा दूर हो गया है। बाकी कुछ दिनों में हो जाएगा…जनहित का संघर्ष जीतेगा’।

बता दें कि सपा गठबंधन को इस बार 125 सीटें मिली हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में सिर्फ 47 सीटें सपा को मिली थीं। इस बार सपा की 77 सीटें बढ़ी हैं। भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बना रही है। वहीं, सपा दूसरे नंबर की पार्टी बनी।

सपा कार्यालय पहुंचे थे अखिलेश
इससे पहले गुरुवार को भाजपा के पक्ष में रुझान आने के बाद दोपहर में अखिलेश यादव लखनऊ में पार्टी कार्यालय पहुंचे थे। वहां बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। हालांकि, इस दौरान उन्होंने कोई बयान नही दिया था।

मतगणना से पहले कार्यकर्ताओं का बढ़ाया था हौसला
इससे पहले काउंटिंग के दिन सुबह 8.41 मिनट पर उन्होंने ट्वीट किया था। इसमें उन्होंने कार्यकर्ताओं को मतगणना स्थल में सक्रियता को लेकर धन्यवाद दिया था। अखिलेश ने लिखा था- इम्तिहान बाकी है अभी हौसलों का…वक्त आ गया है अब ‘फसलों’ का… मतगणना केंद्रों पर दिन-रात सतर्क और सचेत रूप से सक्रिय रहने के लिए सपा-गठबंधन के हर एक कार्यकर्ता, समर्थक, नेतागण, पदाधिकारी और शुभचितंक को हृदय से धन्यवाद! ‘लोकतंत्र के सिपाही’ जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही लौटें!इससे पहले 8 मार्च की शाम को काउंटिंग से पहले अचानक अखिलेश ने लखनऊ में प्रेस कॉफ्रेंस की थी। इसमें उन्होंने काउंटिंग से पहले भाजपा सरकार पर गड़बड़ी का आरोप लगाया था। अखिलेश ने कहा कि वाराणसी में ईवीएम को इधर-उधर किया जा रहा है। जहां बीजेपी हार रही है, उन जिलों के डीएम के पास मुख्यमंत्री और प्रमुख सचिव का फोन जा रहा है। काउंटिंग स्लो रखिएगा।