(www.arya-tv.com) मेरठ में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की फर्जी मुहर लगाकर दस्तावेज बनाने के आरोपी देवेश मित्तल को ब्रह्मपुरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। देवेश का साथी अमन गर्ग को पुलिस ने पहले ही जेल भेज दिया था। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के खत्ता रोड स्थित एक साइबर कैफे में अमन और देवेश मितल फर्जी दस्तावेज तैयार किया करते थे। जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य दस्तावेज बना लेते थे।
पुलिस ने 10 जून 2021 को अमन गर्ग को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया था। उसका साथी देवेश मितल निवासी माधवपुरम फरार हो गया था। अब एक सूचना मिलने पर गुरुवार को ब्रह्मपुरी पुलिस ने नामजद आरोपी देवेश को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं कार्यवाहक एसओ नरेंद्र कसाना ने बताया कि अभी विवेचना चल रही है। आरोपियों ने किन-किन लोगों को फर्जी दस्तावेज बना कर दिए हैं, इसकी भी जांच हो रही है।