(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश में कोरोना ब्लास्ट के बाद नेताओं ने अपनी चुनावी सभाएं और रैलियां कैंसिल कर दी हैं। इस कड़ी में सबसे पहले पीएम नरेंद्र मोदी की लखनऊ के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में 9 जनवरी को होने वाली रैली रद्द कर दी गई है। इस रैली के लिए भाजपा करीब 10 लाख लोगों को जुटाने की तैयारी कर रही थी। अब PM वर्चुअल तरीके से चुनावी रैलियों को संबोधित कर सकते हैं। वैसे, अभी इस बारे में भाजपा की तरफ से आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। फिलहाल, अब चुनाव आयोग के ऊपर निगाहे टिकी हैं। खबर थी कि चुनाव आयोग पीएम मोदी की रैली के बाद चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है।
इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ की 6 जनवरी को नोएडा में होने वाली सभा को भी कैंसिल कर दिया गया है। देर शाम को समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी अपनी विजय रथ यात्रा को स्थगित कर दिया है। अखिलेश यादव 7, 8 और 9 जनवरी को गोंडा, बस्ती और अयोध्या में विजय रथ यात्रा निकालने वाले थे। बता दें कि यूपी में करीब 7 महीने बाद बुधवार को कोरोना के 2038 नए मामले सामने आए।
लड़की हूं लड़ सकती हूं’ मैराथन स्थगित
वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने कोरोना मामलों में बढ़ोत्तरी के कारण अपने ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ मैराथन को स्थगित कर दिया है। आने वाले दिनों में नोएडा, वाराणसी और राज्यों के कई अन्य जिलों में 7 से 8 मैराथन की योजना बनाई थी। साथ ही, प्रियंका गांधी ने यूपी में बड़ी रैली ना करने का प्लान बनाया है। अब यूपी में कांग्रेस बड़ी रैली की जगह छोटी-छोटी जनसभा करेगी।
टाला लाभार्थी संपर्क अभियान
जन विश्वास रैली के बाद भाजपा 4 जनवरी से एक बड़े अभियान की शुरुआत करने वाली थी। लाभार्थी संपर्क अभियान 4 जनवरी से शुरू होकर 8 जनवरी तक चलनी थी। फिलहाल, इसको टाल दिया गया है। इस पर भी कोरोना का असर दिखाई दे रहा है। इस अभियान के तहत केंद्र सरकार और राज्य सरकार के जनकल्याणकारी नीतियों से लाभान्वित हुए परिवारों एवं लाभार्थियों से संपर्क कर तिलक लगाकर उनको सम्मानित किया जाना था।