बस से भिड़ा गैस सिलेंडर से लदा ट्रक, सड़क पर बिखर गए यात्रियों के शव

# ## National

(www.arya-tv.com)झारखंड के पाकुड़ में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। साहिबगंज के बरहरवा से दुमका जा रही बस लिट्टीपाड़ा-अमड़ापाड़ा रोड पर पडेरकोला के पास गैस सिलेंडरों से लदे ट्रक से टकरा गई। बस में कुल 55 से ज्यादा लोग सवार थे। इसमें करीब 31 लोग घायल हुए हैं। पाकुड़ एसपी एचपी जनार्दन ने कहा है कि 15 शव बरामद किए गए हैं। इसमें 12 की पहचान हो चुकी है। बस के अंदर से लोगों को निकालने का काम करीब 3 घंटे में पूरा हुआ।

दोनों ही गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ही गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। कई लोग बस के बाहर आकर गिर गए। बस में बैठे लोग कई लोग अंदर ही फंस गए। बस की बॉडी काटकर लोगों को बाहर निकाला जा रहा है। बताया जा रहा है कि बस का ड्राइवर अब तक जिंदा है। वह बस में ही फंसा हुआ था। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना में मरने वाले लोगो की संख्या बढ़ने की आशंका है। गंभीर रूप से घायल 29 लोगों को रेफर किया गया है।बताया जा रहा है कृष्णा रजत बस और LPG सिलेंडर्स से भरे ट्रक में हुई टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

सबसे पहले स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे

हादसे की जानकारी मिलते ही सबसे पहले स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। प्रशासन और पुलिस के पहुंचने से पहले ही वे राहत और बचाव के कार्य में जुट गए। दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

दुर्घटन में इनकी हुई मौत
नमिता देवी देवघर, निर्मल रतनपुर, विमला देवी दुमका, संजय साह दुमका,शहाबुद्दीन अंसारी लिट्‌टीपाड़ा,अमती रजवार पश्चिम बंगाल, द्रोनाथ हेम्ब्रम अमलपाड़ा, सुकांम करेकर बंगाली पाड़ा, साँग देवी साहिबगंज, मेलीशीत साहिबंगज, राकेश मंडल साहिबंगज, बबलु टुडू जिगती सहित कुल 15 लोग।

ये हुए घायल
सुनीता कुमारी, बासमती हेम्ब्रम, विक्रम दास, सुरेंद्र यादव, कुंजला सेना, मेघनाथ रजवार, मंगल टुडू, राजेश चौबे, विकास साह, खीटी हेम्ब्रम, जोयन हांसदा, रामचंद्र साह, रामरजन मंडल, बडका मरांडी, अर्जुन बाकी, मुन्ना साह ऋषिदेव मंडल, इबरान नदान, विकास मरांडी, विनोद कुमार, कंचन घोष, सनोज कुमार, रोकी कुमार मंडल, मिथुन बाकनी, विष्पु बाकनी सहित 31 लोग।

 कोहरे के कारण हुआ हादसा
दुर्घटना की जांच करने पहुंचे पुलिस अधिकारियों की माने तो ऐसा लग रहा है कि कोहरे के कारण यह हादसा हुआ है। ट्रक चालक को सामने आती हुई बस नहीं दिखी। उसने सीधे बस में टक्कर मार दी। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय में बस में बैठे काफी लोग सो रहे थे। इस कारण किसी को संभलने तक का समय नहीं मिला।

घायल लोगों की मदद से मरने वालों की पहचान
शवों की पहचान करने में आ रही परेशानियों को देखते हुए पुलिस की ओर से 4 सदस्यीय टीम गठित की गई है। यह टीम दुर्घटना में घायल लोगों की मदद से मरने वालों की पहचान करने में जुटे हैंं। बताया जा रहा है कि मरने वाले लोगों में से कई के पास किसी तरह के दस्तावेज नहीं होने के कारण परेशानी आ रही है।

CM हेमंत सोरेन ने दु:ख जताया
पाकुड़ में हुए सड़क दुर्घटना पर CM हेमंत सोरेन ने दु:ख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है-“पाकुड़ से लिट्टीपाड़ा-आमड़ापाड़ा सड़क दुर्घटना की हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवारों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।’ CM ने जिला प्रशासन को घायलों को समुचित इलाज प्रदान करने हेतु उचित निर्देश दिए गए हैं।