कल्याण सिंह की मौत की खबर झूठी है:SGPGI ने कहा- हार्ट बीट और ब्लड प्रेशर नॉर्मल

Health /Sanitation Lucknow

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन की इंटरनेट मीडिया पर उड़ रही खबर झूठी है। लखनऊ में संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट (SGPGI) ने उनकी हेल्थ से जुड़ा अपडेट दिया है। कहा, ICU में एडमिट कल्याण सिंह की हालत पहले से बेहतर है। उनकी हार्ट बीट और ब्लड प्रेशर सामान्य है। वहीं, बिहार सरकार के मंत्री शाहनवाज हुसैन ने शुक्रवार को लखनऊ पहुंचकर कल्याण सिंह से मुलाकात की है।

कल्याण सिंह के पीएसओ भोजराज सिंह ने बताया कि मंत्री शाहनवाज हुसैन ने पूर्व मुख्यमंत्री से करीब 5 मिनट तक मुलाकात की है। शाहनवाज ने हाल-चाल पूछने के बाद कहा, आजकल मैं बिहार में हूं। वहां का मंत्री बनाया गया हूं। कल्याण सिंह ने जवाब दिया कि चलो ठीक ध्यान से देखो।

5 दिन बाद बेड पर बैठे कल्याण सिंह
रविवार को डॉक्टरों ने कल्याण सिंह को बेड पर बैठाया। इस दौरान डॉक्टर्स और मेडिकल टीम को वे रिस्पांस देते दिखे। भाजपा के बड़े पदाधिकारी या नेता उनसे मिलने आ रहा है, उनसे वे बातचीत भी कर रहे हैं। फिलहाल उन्हें लिक्विड डाइट पर रखा गया है। डॉक्टरों ने उनसे पैर, हाथ और पीठ से जुड़ी एक्सरसाइज भी करवाई है। कल्याण सिंह के परिजनों में उनकी बेटी और दामाद उनके साथ हैं।

ब्रेन स्ट्रोक और हार्ट अटैक के बाद कल्याण सिंह को 3 जुलाई को लखनऊ के राम मनोहर लोहिया में भर्ती कराया था। हालत गंभीर होते देख डॉक्टरों ने SGPGI के क्रिटिकल केयर मेडिसिन के ICU में शिफ्ट कर दिया। उनका इलाज कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, एंडोक्रिनोलॉजी और नेफ्रोलॉजी के सीनियर फैकल्टी की देख-रेख में इलाज हो रहा है।

कल्याण ने मोदी को याद किया, PM ने किया फोन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, भारत भर में अनगिनत लोग कल्याण सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। कल जेपी नड्डा, सीएम योगी आदित्यनाथ और अन्य लोग उनसे मिलने अस्पताल गए थे। मैंने अभी उनके पोते से बात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। कल्याण सिंह के साथ मेरी कई यादें भी रही हैं। उनसे बातचीत करने पर हमेशा सीखने का अनुभव रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने बेटे राजवीर को फोन कर जाना हालचाल
इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने 4 जुलाई को कल्याण सिंह के बेटे राजवीर को फोन कर उनकी सेहत की जानकारी ली थी। मोदी ने सीएम योगी से भी बातचीत की। उन्हें समुचित इलाज कराने के निर्देश दिए गए हैं।