प्रियंका गांधी यमुना में लगाएंगी डुबकी, संतों से लेंगी आशीर्वाद

Agra Zone UP

आगरा(www.arya-tv.com) प्रियंका गांधी वाड्रा 23 फरवरी को मथुरा में किसान महापंचायत को संबोधित करेंगी। महापंचायत में जाने से पहले वह वृंदावन कुंभ में जाएंगी, वहां पर साधु-संतों से आशीर्वाद भी प्राप्त करेंगी। इस दौरान वह ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने भी जा सकती हैं। कांग्रेस हाईकमान ने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से मथुरा के तीन धार्मिक स्थलों के नाम मांगे हैं, जिनमें वृंदावन का नाम सबसे ऊपर दिया गया है।

विगत दिनों प्रियंका गांधी प्रयागराज पहुंची थीं, जहां उन्होंने गंगा में स्नान किया था। इसे लेकर वह सोशल मीडिया पर छाई रहीं थीं। 23 फरवरी को मथुरा के पालीखेड़ा में किसानों के मुद्दे को लेकर वह किसान महापंचायत में हिस्सा लेंगी। प्रियंका गांधी के मथुरा आने से पहले कांग्रेस नेताओं से ब्रज के तीन धार्मिक स्थलों की जानकारी मांगी गई थी।

कांग्रेस के पदाधिकारियों ने ब्रज के धार्मिक स्थलों में सबसे ऊपर वृंदावन में ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर, दूसरे पर कुंभ में यमुना स्नान और तीसरा नाम मथुरा के ठाकुर द्वारिकाधीश मंदिर का भेजा है। कांग्रेस के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रियंका गांधी को वृंदावन और वहां चल रहे कुंभ के बारे में सर्वाधिक जानकारी दी गई है।