आगरा(www.arya-tv.com) आगरा में हैदराबाद की 16 वर्षीय किशोरी की शादी कराई जा रही थी। अलीगढ़ से बारात आने के बाद मंगलवार रात को वरमाला डालने का कार्यक्रम चल रहा था। चाइल्ड लाइन की टीम को सूचना मिली। टीम ने पुलिस की मदद से मैरिज होम को ढूंढ लिया। इसके बाद शादी को रुकवा दिया गया। पुलिस ने दूल्हे को पकड़ लिया है।
चाइल्डलाइन की समन्वयक रितु वर्मा ने बताया कि मंगलवार दोपहर हेल्पलाइन नंबर पर सूचना मिली थी कि नुनिहाई में किशोरी की शादी कराई जा रही है। बरात अलीगढ़ से आने वाली है। इस सूचना पर वह अपनी टीम के साथ पहुंच गईं। थाना एत्माद्दौला पुलिस को भी बुला लिया गया। नुनिहाई स्थित एक मैरिज होम में शादी समारोह चल रहा था।
रात तकरीबन 9:00 बजे पुलिस के पहुंचने से हड़कंप मच गया। दूल्हा वरमाला डालने ही वाला था। पुलिस ने उसे रोक दिया। सूचना दुल्हन बनी किशोरी ने ही दी थी। उसने बताया कि वह मूल रूप से हैदराबाद की रहने वाली है। पिता वहीं काम करते हैं। नुनिहाई में उसकी बहन की शादी हुई है। कुछ महीने पहले उसकी मां की मौत हो गई थी।
इसलिए बड़ी बहन उसे हैदराबाद से यहां लेकर आ गई। इसके बाद 10 साल बड़े अलीगढ़ के युवक से रिश्ता तय कर दिया। वह शादी से खुश नहीं थी। इसलिए सूचना दी थी। पुलिस ने आरोपी दूल्हे को पकड़ लिया। उसे थाना पर ले आए। दूल्हा पक्ष का कहना था कि उन्हें नहीं पता था कि दुल्हन नाबालिग है। अगर, यह मालूम होता तो शादी नहीं करते।