बरेली (www.arya-tv.com) इंडियन आइडल कार्यक्रम देखकर हाईस्कूल की छात्रा को गायिका बनने की धुन सवार हो गई। फिर वह घर में रखे 25 हजार रुपये लेकर चुपचाप मुंबई पहुंच गई। वहां तक पहुंचने, होटल में ठहरने और खाने-पीने में यह रकम खर्च हो गई।
इसके बाद रेलवे स्टेशन पर अकेला घूमता देखकर एक महिला अपने घर ले गई और समझाने के बाद उसकी मां को सूचना दी। शुक्रवार को मां उसे मुंबई से वापस ले आईं। हफ्ते भर में ही उसके समझ में आ गया कि पहले यहीं रहकर यह हुनर सीखना है, तब मुंबई जाकर सपने पूरे हो सकते हैं।
सुभाषनगर इलाके के गणेशनगर में रहने हाईस्कूल की 17 वर्षीय छात्रा वर्षा छह फरवरी को घर से लापता हो गई थी। उसकी मां ने थाना सुभाषनगर में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार को छात्रा की मां के पास मुंबई से ममता जोशी नाम की महिला ने फोन किया और बताया कि वर्षा उनके पास है।
यह बताने पर मां मुंबई पहुंचीं और वर्षा को साथ लेकर शुक्रवार को वापस आईं। शनिवार को बेटी को लेकर वह थाना सुभाषनगर पहुंचीं। पूछताछ में वर्षा ने पुलिस को बताया कि मोबाइल फोन पर इंडियन आइडल कार्यक्रम देखकर उसने भी गायिका बनने का मन बना लिया। इसलिए छह फरवरी को घर से चुपचाप मुंबई के लिए निकल गई। तिजोरी में रखे मां के और अपने पास जुटाए करीब 25 हजार रुपये भी ले गई। बरेली से जीप से बदायूं तक पहुंची और फिर वहां से बस से दिल्ली गई।