(www.arya-tv.com)कश्मीर और हिमाचल सहित देश के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है। शिमला में बर्फबारी से 20 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। गुरुवार शाम तक यहां 50 सेंटीमीटर बर्फ गिरी। इससे पहले 12 फरवरी 2002 काे शिमला में 54.1 सेमी बर्फ गिरी थी।
छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली एनसीआर में बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। इन राज्यों में रुक-रुककर बूंदाबांदी हो रही है। मध्यप्रदेश के भोपाल में भी मौसम के तेवर बदल गए हैं। गुरुवार को यहां 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली और बादल छा गए। जिसके बाद तापमान में 1.3 डिग्री की गिरावट हुई। हरियाणा में 10 किलोमीटर की रफ्तार से शीतलहर चली है।
हिमाचल में शिमला के अलावा सोलन-सिरमौर-किन्नौर और कुल्लू में भी गिरी बर्फ
शिमला में काफी बर्फबारी हुई है। हालांकि, इससे पहले सबसे ज्यादा बर्फबारी 1990 में हुई थी जब करीब 150 सेंटीमीटर यानी 10 फीट तक बर्फबारी हुई थी। शिमला के अलावा साेलन, सिरमाैर, किन्नाैर, कुल्लू, चंबा और लाहाैल स्पीति में भी हिमपात हुआ है। सभी पहाड़ बर्फ की सफेद चादर में लिपट गए हैं। सड़कों पर कई फीट बर्फ होने की वजह से गाड़ियां जहां थी वहीं खड़ी हो गई।
भोपाल में 28 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा, इंदौर में भी गिरा तापमान
मध्यप्रदेश में सर्दी के घटने बढ़ने का क्रम जारी है। भोपाल में मौसम के तेवर बीते दिन फिर बदल गए। दिन में 28 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। बादल भी छा गए। इस वजह से दिन के तापमान में 1.3 डिग्री की गिरावट हुई। वहीं रात के तापमान में 3 डिग्री का इजाफा हुआ। गुरुवार को दिन का तापमान 31.4 डिग्री दर्ज किया गया।
बादल छाने से दिन में पारे की चाल भी धीमी थी। रात का तापमान 14.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं इदौंर में बादलों की वजह से तापमान में कमी आई है। बीते दिन गुरुवार को 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। हालांकि यह भी सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। अगले दो-तीन दिन भी बादल छाए रहेंगे। धूप से राहत मिलने के आसार हैं।