यूपी के बरेली में कोविड वार्ड में झरने की तरह गिरा बारिश का पानी, प्रियंका बोलीं- मुख्यमंत्री जवाबदेही से मुंह फेर रहे

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश में कोरोनावायरस के संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। जिन मरीजों को अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती किया जा रहा है, उन्हें बदइंतजामी और मुश्किलों भरे माहौल में रहना पड़ रहा है। इसकी बानगी बरेली में देखने को मिली। यहां एक मेडिकल कॉलेज में कोरोना मरीजों के बेड के बीच झरने की तरह बारिश का पानी गिरता नजर आया। इसके चलते वॉर्ड तरबतर हो गया। वीडियो वायरल होने पर अस्पताल प्रशासन ने व्यवस्थाएं दुरुस्त कीं।

प्रियंका ने साधा योगी सरकार पर निशाना

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘सीएम साहब और उनके अधिकारियों ने बार-बार पर्याप्त बेड होने और कोरोना से लड़ाई में सब कुछ सही होने का दावा किया है। लेकिन इन खबरों में लखनऊ का हाल देखकर ही समझ जाएंगे कि यूपी सरकार की नाकाफी तैयारियों, लचर व्यवस्था और कमजोरियों पर पर्दा डालने की नीति ने आज बुरा हाल कर दिया है। मरीज परेशान हैं, स्वास्थ्य कर्मी परेशान हैं, लेकिन सरकार के मुखिया “सदी का सबसे कमजोर वायरस” जैसे बचकाने बयान देकर जवाबदेही से मुंह फेरे हुए हैं। बरेली कोविड अस्पताल का हाल देखिए। कोविड वार्ड में झरना फूट पड़ा है।’’

अस्पताल का दावा- दुरुस्त हुई पाइनलाइन

बरेली में प्रशासन ने राजश्री हॉस्पिटल और मेडिकल कॉलेज में कोरोना के संक्रमित मरीजों के लिए इलाज की व्यवस्था की है। यहां शनिवार को बारिश के दौरान राजश्री हॉस्पिटल में रेन वॉटर पाइपलाइन फट गई। इससे झरने की तरह पानी कोविड वार्ड में गिरने लगा। हॉस्पिटल के मेडिकल अफसर डॉक्टर अर्जुन सिंह ने बताया कि भारी बारिश के कारण पाइप फट गया था। अब उसे दुरुस्त करा लिया गया है। किसी मरीज को कोई असुविधा नहीं हुई।