लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हुए एक्सप्रेसवे विकास को आर्थिक परिवर्तन, औद्योगिक विस्तार और राष्ट्रीय सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे क्रांति ने उत्तर प्रदेश को विकास, निवेश और औद्योगिक सामर्थ्य का नया केंद्र बना दिया है।
- 10 एक्सप्रेसवे परिचालित, 22 का नेटवर्क तैयार
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी सीमित थी, लेकिन आज 10 एक्सप्रेसवे परिचालित हैं और 22 एक्सप्रेसवे का व्यापक नेटवर्क आकार ले रहा है। लगभग 1,900 किलोमीटर का यह नेटवर्क प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति दे रहा है। चार नए लिंक एक्सप्रेसवे और 27 इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एवं लॉजिस्टिक्स क्लस्टर उद्योगों तथा निवेश के नए अवसर खोलेंगे।
- रक्षा उत्पादन और सौर ऊर्जा को बढ़ावा
उन्होंने बताया कि आगरा, अलीगढ़, झांसी, चित्रकूट, कानपुर और लखनऊ के छह नोड्स वाला रक्षा औद्योगिक गलियारा एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जुड़कर रक्षा उत्पादन को मजबूती दे रहा है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर 450 से 500 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन की प्रस्तावित परियोजना इसे देश का पहला सौर एक्सप्रेसवे बनाने की क्षमता रखती है।
- राष्ट्रीय सुरक्षा को भी मिली मजबूती
डॉ. सिंह ने कहा कि आगरा-लखनऊ, पूर्वांचल और गंगा एक्सप्रेसवे पर लड़ाकू विमानों की आपातकालीन लैंडिंग के लिए विशेष एयरस्ट्रिप विकसित की गई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए कहा कि एक्सप्रेसवे अब उद्योग, निवेश, रोजगार, लॉजिस्टिक्स और राष्ट्रीय सुरक्षा के ग्रोथ इंजन बन चुके हैं।
