तरणतारण के ASI इकबाल सिंह हत्याकांड मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। जीरकपुर के होटल में आरोपी के साथ एनकाउंटर हुआ और फिर शूटर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी बहमन को पकड़ लिया गया।पंजाब में जीरकपुर के एक होटल में पुलिस और गैंगस्टर के बीच एनकाउंटर की खबर सामने आई है, जहां पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स टीम ने हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी बहमन नामक शूटर को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में शूटर को गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एनकाउंटर के बाद ऑटोमैटिक वेपन बरामद
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार बदमाश विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल गैंग का शूटर है, जिसके साथ होटल में एक लड़की भी थी। पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है। एनकाउंटर के बाद मौके से एक ऑटोमैटिक वेपन मिला है। बता दें कि पकड़ा गया बदमाश एएसआई इकबाल सिंह की हत्या के मामले में वांटेड था।
जीरकपुर में पुलिस-आरोपी के बीच हुई मुठभेड़
गौरतलब है कि बीते शनिवार को तरणतारण में ASI इकबाल सिंह की हत्या के मामले में एक्शन लेते हुए पुलिस ने आरोपी को घेर लिया था। जानकारी के मुताबिक, मोहाली के जीरकपुर स्थित KMG होटल में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी को गोली भी लगी।
नौशहरा पन्नुआं में हुई थी ASI इकबाल सिंह की हत्या
बता दें कि बीते 11 अक्टूबर को तरणतारण के नौशहरा पन्नुआं इलाके में ASI इकबाल सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। अब जीरकपुर में हुई इस कार्रवाई को मामले में एक बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।
गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर लौट रहे थे ASI इकबाल
जानकारी के अनुसार, ASI इकबाल सिंह जब गांव के स्थानीय गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद अपनी बाइक पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान, वह सिविल कपड़ों में थे और ड्यूटी पर नहीं थे। इसी बीच, बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। गोली लगने की वजह से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए थे। ASI इकबाल सिंह की हत्या से करीब 1 महीने पहले उनके भतीजे को भी मार डाला गया था।
