ब्रिटिश काल से ही किराए की बिल्डिंग में चल रहे आरटीओ दफ्तर को आखिरकार अपना सरकारी भवन मयस्सर हो गया है। अपनी शुरुआत के 80 बरस बाद अब आरटीओ ऑफिस परसाखेड़ा में 16.72 करोड़ की लागत से बनी दोमंजिला इमारत स्थापित हो गया है। शुक्रवार को परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने नए कार्यालय का उद्घाटन किया।
दोपहर एक बजे के बजाय करीब साढ़े तीन घंटे देरी से कार्यक्रम में पहुंचे परिवहन मंत्री ने कहा कि लंबे समय से प्रयास था कि सभी जिलों में आरटीओ कार्यालय के अपने सरकारी भवन हों। एक समय सिर्फ 15 जिलों में सरकारी कार्यालय थे। अब 65 जिलों में परिवहन विभाग के अपने कार्यालय बन चुके हैं। बाकी 10 में भी जल्द नए कार्यालय भवन बन जाएंगे।
कार्यक्रम में भाजपा के ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा के साथ राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, विधायक संजीव अग्रवाल, एमपी आर्य, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, बहोरन लाल मौर्य, जिला पंचायत प्रशासक रश्मि पटेल, भाजपा नेता प्रशांत पटेल, उमेश कठेरिया, यतिन भाटिया, महिला आयोग सदस्य पुष्पा पांडेय, डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर कमल प्रसाद गुप्ता, आरटीओ प्रशासन पंकज सिंह, आरटीओ प्रवर्तन प्रणव झा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अब मिनी बाईपास बस अड्डा शुरू करेंगे
राज्यमंत्री ने बताया कि मिनी बाईपास पर बस अड्डे का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। जल्द वह फिर बरेली दौरे पर आकर नए बने बस अड्डे का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने कहा कि बदायूं रोड और नवाबगंज में भी बस अड्डे के लिए जगह चिह्नित कर ली गई है। इन दोनों जगह भी जल्द निर्माण शुरू कराया जाएगा।
विपक्षी गठबंधन नहीं रोक पाएगा मोदी-योगी की लहर: दयाशंकर
जेल से बाहर आने के बाद आजम खान की तीखी बयानबाजी पर पलटवार करते हुए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि सीटों की कुर्बानी देने या किसी से भी गठबंधन करने से उत्तर प्रदेश की तस्वीर नहीं बदलने वाली। मोदी-योगी की लहर के आगे कोई नहीं टिकेगा और प्रदेश में तीसरी बार योगी सरकार बनेगी।
परिवहन मंत्री का आजम खान के बयान पर पलटवार, कहा- गठबंधन से नहीं बदलेगी तस्वीर
सपा महासचिव आजम खान के कांग्रेस को गठबंधन में ज्यादा सीटें देने संबंधी बयान के जवाब में मंत्री दयाशंकर सिंह ने विपक्षी एकजुटता पर सवाल उठाए। कहा, सपा कांग्रेस को कितनी भी सीटें दे, उत्तर प्रदेश में इसका कोई असर नहीं होने वाला है। एक बार फिर योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा, सपा और बसपा वर्ष 2019 का लोकसभा चुनाव एक साथ लड़ चुके हैं, लेकिन वे मोदी और योगी की लहर को नहीं रोक पाए थे। इस बार तो प्रदेश में सुनामी आने वाली है।
राहुल गांधी के हाल ही में अमेरिका में दिए गए बयान पर मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं तो भारत के लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश करते हैं। कांग्रेस ने ही देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या की थी और संविधान की धज्जियां उड़ाई थीं।
सीएम योगी की मां के निधन पर जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर दयाशंकर सिंह ने दुख जताते हुए कहा कि वह महान आत्मा थीं। उन्होंने ऐसे पुत्र को जन्म दिया, जिनके कार्यों को आज पूरी दुनिया देख रही है। उनके कार्यों से लाखों-करोड़ों लोगों का जीवन बदल रहा है।
