Ramnagar Tiger Attack: जबड़े में दबाकर महिला को घसीट रहा था बाघ, पति ने नहीं हारी हिम्मत, मौत के मुंह से छीन ली जिंदगी

# ## UP

जब मौत सामने खड़ी हो और बचने का रास्ता न दिखे, तब असली ताकत हौसले से आती है। कोसी रेंज के लाल पहाड़ी इलाके में बुधवार को हुई एक घटना ने यह साबित कर दिया कि मुसीबत के आगे घुटने टेकने के बजाय डटकर खड़ा होना ही सबसे बड़ा हथियार है। टेड़ा गांव के रहने वाले दर्शन सिंह और उनकी पत्नी बबली देवी ने एक विशालकाय बाघ के हमले का डटकर सामना किया और अपनी जान बचा ली।

कैसे हुआ अचानक हमला

बुधवार को दर्शन सिंह और बबली देवी मवेशियों के लिए घास-चारा लेने बाइक से जंगल की ओर निकले थे। लाल पहाड़ी के पास घास के मैदान में पहुंचते ही झाड़ियों से एक विशालकाय बाघ गुर्राता हुआ निकल आया और चलती बाइक पर झपट पड़ा। अचानक हुए इस हमले से दोनों संभल पाते, इससे पहले ही बाइक गिर पड़ी। बाघ ने बबली देवी के हाथ को अपने जबड़े में दबा लिया और उन्हें घसीटने लगा।

दराती, जयकारे और अटूट हौसला

अस्पताल में उपचाराधीन बबली देवी ने बताया कि हमले के वक्त उन्होंने घास काटने वाली दराती उठा ली। दराती देख बाघ पलभर के लिए ठिठका, लेकिन फिर हमला बोल दिया। जब बाघ ने गले पर पंजा मारने की कोशिश की, तो उन्होंने गले को बचाने के लिए अपना हाथ आगे कर दिया, जिससे उनके हाथ पर दांतों और पंजों के गहरे जख्म आए। बाघ उन्हें घसीटकर कुछ दूर ले गया, लेकिन बबली देवी ने हिम्मत नहीं हारी और चीखते हुए उठ खड़ी हुईं।

उधर, दर्शन सिंह ने जब देखा कि बाघ पत्नी को घसीटकर ले जा रहा है, तो उन्हें लगा कि शायद अनहोनी हो गई है। लेकिन वे भागे नहीं, बल्कि मौत से आंख मिलाने के लिए आगे बढ़े। उन्होंने जोर-जोर से ‘जय माता दी’ के जयकारे लगाने शुरू किए, हाथ में पत्थर उठाए और शोर मचाते हुए बाघ की ओर बढ़े। दोनों तरफ से आए शोर और पति की दिलेरी के आगे बाघ ठिठक गया, बबली देवी को छोड़कर पीछे मुड़ा और आखिरकार जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ।

जो होगा देखा जाएगा, पर हार नहीं मानेंगे

दर्शन सिंह के मुताबिक, उन्होंने पहले भी बाघ देखे हैं, लेकिन इतना विशालकाय बाघ पहले कभी नहीं देखा था। डर के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब खुद और जीवनसाथी की जान पर बन आए, तब मन में बस यही बात आती है कि जो होगा देखा जाएगा, लेकिन पीछे नहीं हटेंगे। वन विभाग के कर्मचारियों के मुताबिक, घटनास्थल के पास ही बाघ ने एक चीतल का शिकार किया था, जिसके नजदीक पहुंचने के कारण शायद उसने हमला किया। वन विभाग की टीम ने घायल बबली देवी को तुरंत रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

यह वाकया सिर्फ एक जान बचने की खबर नहीं, बल्कि संकट के समय न टूटने वाले जज्बे की मिसाल है। विपरीत हालात में घबराहट के बजाय सही वक्त पर उठाया गया साहसी कदम और साथ निभाने का जज्बा बड़े से बड़े खतरे को भी मात दे सकता है। आज पूरे गांव में दर्शन सिंह और बबली देवी की बहादुरी की चर्चा हर जुबान पर है।