उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के बेल्थरारोड के करनी गांव पहुंचे सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कई राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। राजभर ने सपा नेता आजम खान के दाढ़ी वाले बयान पर विवादित टिप्पणी की। राजभर ने कहा, एक कुत्ता दूसरे कुत्ते को देखकर दौड़ा लेता है। रही बात इच्छा-मृत्यु (यूथेनेशिया) की मांग की, तो क्या सरकार ने कभी किसी को इसकी अनुमति दी है? अगर ऐसा कोई उदाहरण है, तो कृपया हमें बताएं। क्या सरकार ने कभी किसी को देश छोड़कर जाने की अनुमति दी है?
देश छोड़कर जाना चाहते हैं, तो चले जाएं
वहीं, आजम खान को लेकर ओमप्रकाश राजभर ने एक और बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर आजम खान देश छोड़कर जाना चाहते हैं तो चले जाएं। आजम खान इंकलाब की बात कर देश में क्रांति लाना चाहते हैं, लेकिन भारत में क्रांति लाने के लिए उन्हें पांच जन्म लेने पड़ेंगे। उन्होंने देश की आबादी का जिक्र करते हुए 80-20 का आंकड़ा भी गिनाया और कहा कि उन्हें क्रांति की बात नहीं करनी चाहिए।
अखिलेश यादव पर कसा तंज
राजभर ने कहा, हमें अखिलेश यादव की कोई चिंता नहीं है; बल्कि उन्हें हमारी चिंता है। उन्हें नहीं पता कि हमारी नाव के रक्षक ‘सुदर्शन चक्रधारी’ हैं। आज़म खान को अखिलेश यादव से कहना चाहिए कि आने वाले चुनावों में उनकी पार्टी की सरकार बने या न बने, वे किसी मुसलमान के बेटे को मुख्यमंत्री बनाएं, ताकि हम जैसे लोगों को कुछ राहत मिल सके।
चिराग का स्वागत है
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को बीजेपी की तरफ से सीट शेयरिंग की जिम्मेदारी दिए जाने की खबरों को उन्होंने खारिज करते हुए कहा कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है, यह सब मीडिया की उपज है।
वहीं, 36 सीटों के दावे और बीजेपी के साथ 36 का आंकड़ा होने को लेकर अखिलेश यादव के ट्वीट पर राजभर ने अपने ही अंदाज में पलटवार किया। इसके साथ ही यूपी एनडीए में लोजपा के शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोजपा का उत्तर प्रदेश में स्वागत है और एनडीए का हिस्सा बनने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।
