Uttarakhand Mahotsav : लोक संस्कृति की धूम, छोलिया और झोड़ा नृत्य ने मोहा मन; आज पहुंचेंगे सीएम धामी

# ## Lucknow

पंडित गोविंद बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन में चल रहे उत्तराखंड महोत्सव में लोक संस्कृति और परंपराओं के रंग लगातार गहराते जा रहे हैं। आठवें दिन कलाकारों ने छोलिया, झोड़ा, भरतनाट्यम और पहाड़ी फ्यूजन नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, गोमा तट पर प्रतिदिन शाम को होने वाली बद्री विशाल जी की आरती महोत्सव में आध्यात्मिक आकर्षण बढ़ा रही है। मंगलवार शाम 6:30 बजे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी महोत्सव में शामिल होंगे।

प्रतिभाओं और विभूतियों का हुआ सम्मान

महोत्सव के आठवें दिन उत्तराखंड महापरिषद की ओर से साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। गोकुल उप्रेती को शेखर जोशी स्मृति सम्मान, किशन जोशी को मोहन उप्रेती स्मृति सम्मान और राजेंद्र सिंह बिष्ट को मोहन सिंह डोलिया सम्मान प्रदान किया गया। सांस्कृतिक मंच पर ‘वॉयस ऑफ उत्तराखंड’ के दूसरे राउंड में प्राची रावत, पावनी बजेठा और खुशी रावत ने अपनी गायकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

छोलिया और पहाड़ी नृत्य ने बांधा समां

शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत अल्मोड़ा के उधांचल कला केंद्र के कलाकारों के छोलिया नृत्य से हुई। इसके बाद केडीएस पब्लिक स्कूल, खरगापुर गोमती नगर की छात्राओं ने शिखा शाह के नेतृत्व में लोकनृत्य प्रस्तुत किया। गीता पालीवाल ने लोकगीतों की प्रस्तुति दी, जबकि कमल पंत और उनकी पत्नी ने भक्ति नृत्य से माहौल को भक्तिमय बना दिया। मृदु नंदन सनवाल ने तबला वादन से दर्शकों की सराहना बटोरी। दिव्या शुक्ला के नेतृत्व में सिटी स्कूल ऑफ डांस एंड म्यूजिक के नन्हे कलाकारों ने भक्ति गीतों पर नृत्य किया। नित्या, नवनीति, अंशिका, अनिका, काव्य, सुविया, सहरांशि, यशस्वी और श्रवणी ने भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी। वहीं प्रिशा बिष्ट, आकृति, वनिश्री, वामिका, नैशा, अनाया, भव्या बिष्ट और शन्वी वर्मा ने पहाड़ी फ्यूजन नृत्य से खूब तालियां बटोरीं।

झोड़ा नृत्य में दिखी देवभूमि की झलक

महिला झोड़ा नृत्य प्रतियोगिता में प्रेम सिंह बिष्ट के नेतृत्व में देवभूमि वृंदावन समिति, रजनी सिंह के नेतृत्व में मानस योग केंद्र शक्तिनगर, दीपा ऐरी के नेतृत्व में रामलीला समिति तेलीबाग और हेमा तिवारी के नेतृत्व में उत्तराखंड जन कल्याण समिति विकास नगर ने भाग लिया। वहीं पुरुष झोड़ा प्रतियोगिता में प्रेम सिंह बिष्ट के नेतृत्व में जन कल्याण समिति वृंदावन के कलाकारों ने लोक संस्कृति की शानदार छटा बिखेरी।

कुर्सी दौड़ में संगीता ने मारी बाजी

महोत्सव में दोपहर दो बजे महिला शाखा की ओर से कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें 10 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। संगीता यादव ने पहला, लता उप्रेती ने दूसरा और सोनी सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन महिला शाखा की अध्यक्ष पुष्पा वैष्णव, हीरा बिष्ट, सुनीता कनवाल और त्रिलोचनी रावत ने किया।

डांस प्रतियोगिताओं में कलाकारों ने दिखाया हुनर

‘नाचेगा भारत-सीजन 3’ के दूसरे राउंड में पांच दलों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। इनमें अराध्या श्रीवास्तव के नेतृत्व में राजकला कल्चरल संस्था, रेनू कांडपाल के नेतृत्व में कुर्मांचल नगर, शिखा शाह के नेतृत्व में नाट्यशाला फाउंडेशन, प्रेम सिंह बिष्ट के नेतृत्व में देवभूमि वृंदावन सांस्कृतिक समिति और अनुष्का वर्मा के नेतृत्व में क्लासिकल रॉकर्स शामिल रहे। इसके साथ ही ‘डांस उत्तराखंड डांस-सीजन 5’ के दूसरे राउंड में कुटुम्ब ग्रुप मायापुरी, देवभूमि कलाकृति तेलीबाग और ब्रह्म कमल सांस्कृतिक एवं सामाजिक समिति इंदिरा नगर विस्तार के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। सामूहिक छपेली नृत्य ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इस मौके पर महापरिषद के संयोजक दीवान सिंह अधिकारी, अध्यक्ष हरीश चंद्र पंत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंगल सिंह रावत, महासचिव भरत सिंह बिष्ट, सचिव राजेश बिष्ट समेत अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।