टिहरी। उत्तराखंड में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश से श्रीनगर जा रही यात्रियों से भरी बस गूलर के पास पुल से करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 26 यात्री घायल हुए हैं। बस में कुल 34 यात्री सवार थे। घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है।
सुबह साढ़े पांच बजे हुआ हादसा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे टिहरी गढ़वाल जिले में गूलर के समीप हुआ। बस पुल से नीचे गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
रेस्क्यू टीमों ने खाई में गिरी बस से यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। अब तक 26 घायलों को सुरक्षित निकालकर एंबुलेंस के जरिए ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया है। वहीं, हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टिहरी गढ़वाल में हुए हादसे में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर साझा पोस्ट में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में दुर्घटना में लोगों की जान जाने की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
सीएम धामी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसे पर शोक जताया। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के गूलर, रुद्रप्रयाग जनपद के ऊखीमठ क्षेत्र और टिहरी जनपद की दोगी पट्टी के बांसकाटल में हुई सड़क दुर्घटनाओं में यात्रियों के हताहत होने पर दुख व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटनाओं में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए और प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद सुनिश्चित की जाए।
