KGMU में जूनियर छात्रों से रैगिंग का वीडियो वायरल: सिर झुकाकर खड़े रहे MBBS छात्र

# ## Lucknow

लखनऊ,  राजधानी स्थित प्रतिष्ठित किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) में रैगिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय परिसर में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के जूनियर छात्र-छात्राओं से सीनियर छात्रों द्वारा खुलेआम रैगिंग किए जाने और जबरन प्रणाम करवाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने विश्वविद्यालय प्रशासन के एंटी-रैगिंग दावों और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। वहीं केजीएमयू ने इस मामले में इसे रैगिंग न मानते हुए सिनियर्स का सम्मान करना बताया है।

कलाम सेंटर के सामने सिर झुकाकर खड़े रहे जूनियर छात्र-छात्राएं

वायरल हो रहा यह वीडियो केजीएमयू परिसर स्थित कलाम सेंटर के ठीक सामने का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एमबीबीएस प्रथम वर्ष के नवप्रवेशी छात्र और छात्राएं सीनियर छात्रों के सामने अनुशासित कतार में सिर झुकाकर खड़े हैं। इस दौरान सीनियर छात्रों के दबाव में जूनियर छात्र लगातार हाथ जोड़कर व सिर झुकाकर ‘प्रणाम महोदय’ बोलते नजर आ रहे हैं, जबकि जूनियर छात्राओं से जबरन ‘प्रणाम मैडम जी’ कहलवाया जा रहा है।

सुरक्षाकर्मी मोबाइल से बनाते रहे वीडियो

इस पूरे घटनाक्रम का सबसे चौंकाने वाला पहलू विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा है। जिस वक्त कलाम सेंटर के बाहर खुलेआम जूनियर विद्यार्थियों के साथ रैगिंग का यह सिलसिला चल रहा था, उस समय वहां तैनात सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे। लेकिन रैगिंग रोकने या सीनियर छात्रों को टोकने के बजाय सुरक्षाकर्मी मूकदर्शक बनकर अपने मोबाइल फोन से इस पूरे नजारे का वीडियो बनाते रहे। अब यह वीडियो वायरल होने के बाद चिकित्सा शिक्षा जगत और अभिभावकों में आक्रोश है, वहीं केजीएमयू प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

केजीएमयू ने कहा सम्मान में झुकाया सिर

इस मामले में केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ केके सिंह ने बताया कि यह रैगिग नहीं है। यह जुनियर छात्र अपने सिनियर्स के सम्मान में सर झुकाकर प्रणाम कर रहे हैं। विद्यालय में रैगिंग पूरी तरह से प्रतिबंधित है।