Shahjahanpur News: मेडिकल स्टोर संचालक को फंसाने की धमकी, 25 लाख की रिश्वत मांगते दो NCB दरोगा गिरफ्तार

Bareilly Zone
 एनडीपीएस के मुकदमे में फंसाने का डर दिखाकर मेडिकल स्टोर संचालक से 25 लाख रुपये की रिश्वत मांगना नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के दो सब इंस्पेक्टरों को भारी पड़ गया। सीबीआई ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पहली किस्त के 12 लाख रुपये लेने पहुंचे एक सब इंस्पेक्टर को सीबीआई टीम ने उस समय दौड़ाकर पकड़ लिया, जब वह रकम लेकर भागने लगा। उसके पास से दो लाख रुपये असली और 10 लाख रुपये के नकली नोट मिले। हालांकि, रिश्वत की रकम बरामद नहीं हो सकी है।

एनसीबी की दिल्ली जोनल इकाई में तैनात सब इंस्पेक्टर अजीत सिंह मीणा और सुमीत कुमार पर शाहजहांपुर के पुवायां निवासी अमीन शुक्ला को एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई का भय दिखाने का आरोप है। अमीन संजीवनी मेडिकल स्टोर के संचालक हैं। उन्होंने 14 नवंबर को सीबीआई से शिकायत की थी।

पहले 50 लाख मांगे, 25 लाख में तय हुआ सौदा

शिकायत के मुताबिक, दोनों अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर संचालक से पहले 50 लाख रुपये मांगे थे। सीबीआई के गोपनीय सत्यापन में 25 लाख रुपये में सौदा तय होने की बात सामने आई। पहली किस्त के रूप में 12 लाख रुपये देने की सहमति बनी। इसके बाद सीबीआई ने दिल्ली के आरके पुरम स्थित तमिल संगम मार्ग के पास जाल बिछाया।आरोप है कि अजीत सिंह मीणा के निर्देश पर सुमीत कुमार रिश्वत की रकम लेने पहुंचा। उसने दो लाख रुपये असली और 10 लाख रुपये के नकली नोट लिए। इसके बाद वह रकम लेकर भागने लगा तो पहले से घेराबंदी कर रही सीबीआई टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। मामले में अजीत सिंह मीणा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। सीबीआई ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन की रिमांड मांगी है।