मौसम के बदले मिजाज ने सोमवार को हवाई सफर का शेड्यूल बिगाड़ दिया। तेज हवा के झोंकों के बीच नवी मुंबई से बरेली आ रही इंडिगो की फ्लाइट दो बार कोशिश के बाद भी एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सकी। सुरक्षा के मद्देनजर विमान को दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। वहां से दोबारा उड़ान भरने के बाद विमान शाम 6:47 बजे बरेली पहुंचा। निर्धारित समय से करीब पौने चार घंटे की देरी ने यात्रियों को परेशान किया। आने-जाने वाले कुल 311 यात्रियों को इस बदलाव का खामियाजा भुगतना पड़ा।
नवी मुंबई से आने वाली फ्लाइट का निर्धारित समय दोपहर 12:50 बजे रवाना होकर तीन बजे बरेली पहुंचने का है। सोमवार को विमान में 171 यात्री सवार थे। तेज हवा के कारण बरेली एयरपोर्ट पर लैंडिंग में दिक्कत हुई। पायलट ने दो बार उतरने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद विमान को दिल्ली भेज दिया गया। दिल्ली से लौटने के बाद शाम 6:47 बजे इसकी बरेली में लैंडिंग हुई।
इंतजार के बाद नवी मुंबई के लिए भरी उड़ान
बरेली पहुंचने के बाद यही विमान शाम 7:15 बजे 140 यात्रियों को लेकर नवी मुंबई के लिए रवाना हुआ। निर्धारित समय में बदलाव होने से बरेली से मुंबई जाने वाले यात्रियों को भी एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा। एयरपोर्ट निदेशक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि तेज हवा के कारण विमान को उतरने में परेशानी हुई थी। दो बार प्रयास के बाद भी लैंडिंग नहीं हो सकी, जिसके चलते उसे दिल्ली डायवर्ट किया गया। विमान करीब पौने चार घंटे की देरी से बरेली पहुंचा।
