- विद्यार्थियों ने समाचार एवं रचनात्मक लेखन के माध्यम से दिखाई प्रतिभा, निदेशक डॉ. सशक्त सिंह ने पत्रकारिता की जिम्मेदारियों से कराया परिचित
लखनऊ। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आर्यकुल कॉलेज ऑफ एजुकेशन में समाचार लेखन एवं रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी लेखन प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिला। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता और लेखन कौशल का परिचय दिया।
- दोनों प्रतियोगिताओं में अंचल यादव रहीं अव्वल
प्रतियोगिता के परिणामों में रचनात्मक लेखन वर्ग में अंचल यादव ने प्रथम, अत्रेयी दुबे ने द्वितीय और सोनाली सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, समाचार लेखन प्रतियोगिता में भी अंचल यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया। वैष्णवी सिंह द्वितीय और शिवा दुबे तृतीय स्थान पर रहीं। एक ही आयोजन की दोनों प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर अंचल यादव ने विशेष उपलब्धि हासिल की। विजेता प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
- निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र की जरूरत : डॉ. सशक्त सिंह
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. सशक्त सिंह ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। प्रेस की स्वतंत्रता के साथ उसकी निष्पक्षता और जिम्मेदारी भी बेहद आवश्यक है। पत्रकार का दायित्व केवल समाचारों का प्रसारण करना नहीं, बल्कि तथ्यों की सत्यता की पुष्टि कर समाज को जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में भ्रामक समाचारों और गलत सूचनाओं के बीच सही एवं विश्वसनीय जानकारी की पहचान करना पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे लेखन के माध्यम से अपनी सोच को सकारात्मक दिशा दें और सामाजिक मुद्दों के प्रति संवेदनशील एवं जागरूक बनें।

- शिक्षकों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की सहभागिता और उनके प्रयासों की सराहना की। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा समाज के प्रति प्रेस की जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।
- शिक्षक एवं विद्यार्थी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में रजिस्ट्रार सुदेश कुमार तिवारी, डॉ. अब्दुल रब खान, डॉ. अजय शुक्ला, डॉ. गौरव मिश्र, डॉ. रेखा सिंह, प्रणव पाण्डेय, संगीता मौर्या एवं वत्सल श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।
