इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने जय शाह को लगातार चेयरमैन चुने गए हैं। बाली में हुई काउंसिल के बोर्ड और कमेटी की बैठक में सभी डायरेक्टर्स ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा। उनके मुकाबले कोई दूसरा उम्मीदवार नहीं होने के चलते जय शाह निर्विरोध इस पद पर चुने गए।
जय शाह ने दोबारा चेयरमैन चुने जाने पर कहा कि ICC का नेतृत्व करना उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए वह सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे।
क्रिकेट के लिए अहम दौर, ओलंपिक में वापसी बड़ा अवसर
जय शाह ने कहा कि क्रिकेट इस समय अपने सबसे अहम और रोमांचक दौर से गुजर रहा है। 2028 के लॉस एंजिलिस ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने का बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि ICC की जिम्मेदारी केवल बड़े टूर्नामेंट का सफल आयोजन करना नहीं, बल्कि क्रिकेट का भविष्य मजबूत बनाना भी है। इसके लिए खिलाड़ियों, प्रशंसकों, कमर्शियल पार्टनर्स और खेल से जुड़े सभी लोगों के हितों का ध्यान रखना जरूरी है।
36 साल की उम्र में बने थे ICC के सबसे युवा चेयरमैन
जय शाह ने 2024 में पहली बार ICC चेयरमैन का पद संभाला था। उन्होंने न्यूजीलैंड के ग्रेग बार्कले की जगह ली थी। उस समय 36 साल की उम्र में वह ICC के सबसे युवा चेयरमैन बने थे। अब लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए उनका चयन हुआ है।
अहमदाबाद से शुरू हुआ क्रिकेट प्रशासन का सफर
जय शाह का क्रिकेट प्रशासन से जुड़ाव करीब 17 साल पुराना है। उन्होंने 2009 में अहमदाबाद के केंद्रीय क्रिकेट बोर्ड के कार्यकारी बोर्ड के सदस्य के रूप में शुरुआत की थी। सितंबर 2013 में वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA) के संयुक्त सचिव बने।
2015 में उन्हें BCCI की वित्त समिति का सदस्य बनाया गया। 2019 में पहली बार BCCI सचिव की जिम्मेदारी मिली और 2022 में वह दोबारा इस पद पर चुने गए। साल 2021 में जय शाह एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष बने और जनवरी 2024 में उन्हें फिर से इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
2022 में वह ICC की वित्त एवं वाणिज्यिक मामलों की समिति के चेयरमैन नियुक्त हुए। इसके अलावा उन्हें ओलंपिक खेलों के लिए गठित ICC ओलंपिक वर्किंग ग्रुप का सदस्य भी बनाया गया था।
जय शाह से पहले चार भारतीय संभाल चुके हैं ICC की कमान
जय शाह ICC चेयरमैन का पद संभालने वाले पांचवें भारतीय हैं। उनसे पहले जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन. श्रीनिवासन और शशांक मनोहर इस पद पर रह चुके हैं। वर्ष 2015 से पहले ICC प्रमुख के पद को प्रेसिडेंट कहा जाता था। इसके बाद इसका नाम बदलकर चेयरमैन कर दिया गया।
