नए मकान में लहूलुहान मिले रिटायर्ड डिप्टी जेलर, कमरे में सजी थीं खाने की दो थालियां

# ## Bareilly Zone
नए मकान में खाने की दो थालियां सजी थीं। पास में पानी का जग और स्टील के दो गिलास रखे थे। शराब के खाली क्वार्टर के रैपर भी पड़े थे। लेकिन कमरे में मौजूद थे तो सिर्फ रिटायर्ड डिप्टी जेलर रामबहादुर शर्मा का लहूलुहान शव। इज्जतनगर क्षेत्र की बालाजी कॉलोनी स्थित उनके नवनिर्मित मकान में शनिवार रात उनका शव मिलने से सनसनी फैल गई। सिर, माथे, नाक और बाजू पर चोट के निशान थे। मुंह से खून निकल रहा था। सिर में गंभीर चोट को मौत की वजह माना जा रहा है, लेकिन यह हत्या है या हादसा, फिलहाल पुलिस इसकी गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
70 वर्षीय रामबहादुर शर्मा उर्फ आरबी शर्मा इज्जतनगर की बसंत विहार कॉलोनी में रहते थे। वह डिप्टी जेलर पद से सेवानिवृत्त हुए थे। शनिवार सुबह वह साइकिल से अपने नवनिर्मित मकान पर गए थे। यह मकान बालाजी कॉलोनी, खजुरिया घाट क्षेत्र में स्थित है। रात करीब 9:51 बजे पुलिस को मकान में शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वह लहूलुहान हालत में मृत मिले।

घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पुलिस को कमरे में दो थालियों में तंदूरी रोटी और दाल मखनी रखी मिली। पास में दो स्टील के गिलास और पानी का जग भी था। मकान के नीचे बराबर की खाली जगह में शराब के दो खाली क्वार्टर मिले। इन सामानों की मौजूदगी से पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले उनके साथ कोई और भी मौजूद था या नहीं। हालांकि, अभी तक पुलिस ने किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी की पुष्टि नहीं की है।

शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद मामला संदिग्ध हो गया। सिर पर दो चोटों के अलावा माथे, नाक और बाजू पर भी चोट के निशान पाए गए। सूचना पर एसएसपी अनुराग आर्य मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को सभी पहलुओं पर जांच करने के निर्देश दिए। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है और न ही किसी पर शक जताया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रामबहादुर शर्मा की मौत किसी हादसे में हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है।