त्योहार की छुट्टियां खत्म होते ही गुरुवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों का दबाव बढ़ गया। पर्चा बनवाने से लेकर डॉक्टर को दिखाने, जांच कराने और दवा लेने तक मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। पैथोलॉजी में जांच के लिए कतार पुलिस चौकी के आगे तक पहुंच गई। वहीं, फिजिशियन की कमी के चलते मरीजों को उपचार के लिए भी जद्दोजहद करनी पड़ी। गुरुवार को 195 नए मरीजों का पंजीकरण हुआ।
सोमवार से बुधवार तक त्योहार के चलते ओपीडी का संचालन आधे दिन ही हुआ था। गुरुवार को सामान्य ओपीडी शुरू होने पर सुबह से ही मरीज पहुंचने लगे। बुखार, सर्दी-खांसी, त्वचा और पेट दर्द की शिकायत लेकर आने वालों की संख्या अधिक रही। पर्चा काउंटर पर पंजीकरण के बाद मरीज डॉक्टरों के कक्ष के बाहर कतार में लगे रहे। कई डॉक्टरों के कक्ष खाली रहे और वहां इंटर्न मरीजों को देखते नजर आए।
अस्पताल में केवल एक फिजिशियन डॉ. एएम अग्रवाल हैं। उन्हें ओपीडी के साथ इमरजेंसी और वीआईपी ड्यूटी भी संभालनी पड़ रही है। ऐसे में फिजिशियन की ओपीडी प्रभावित हो रही है। मरीजों को डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए इंतजार करना पड़ा। इसके बाद पैथोलॉजी में जांच कराने के लिए भी लंबी कतार का सामना करना पड़ा। पंजीकरण कराने में ही मरीजों का काफी समय लग गया।
