BARABANKI NEWS: 11 साल की मासूम से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी के घर चला बुलडोजर

# ## Lucknow

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म और हत्या के जघन्य मामले में पुलिस व प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए मुख्य आरोपी उत्तम सिंह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने उसके अवैध मकान को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात रहे।

कुएं से बरामद हुआ था बालिका का शव, 5 टीमों ने की थी छानबीन

घटनाक्रम के अनुसार, बीती 5 नवंबर की रात हैदरगढ़ क्षेत्र के एक गांव से 11 वर्षीय बालिका अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। पीड़ित पिता ने गांव के ही उत्तम सिंह पर आशंका जताते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुकदमा दर्ज किया और डॉग स्क्वॉड, फील्ड यूनिट के साथ 5 विशेष टीमों को खोजबीन में लगाया। गहन तलाशी के बाद बालिका का शव गांव के पास स्थित एक कुएं से बरामद हुआ था, जिसके बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था।

मुठभेड़ में दोनों पैरों में लगी थी गोली, रायबरेली में भी दर्ज हैं मुकदमे

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित तीन पुलिस टीमों ने जब ग्राम पोखरा के पास उसे घेरा, तो उसने पुलिस टीम पर सीधे जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी उत्तम सिंह के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जांच में सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ रायबरेली के शिवगढ़ थाने में चोरी तथा एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। हैदरगढ़ कोतवाली प्रभारी अनिल पाण्डेय ने आरोपी के मकान पर हुई बुलडोजर कार्रवाई की पुष्टि की है।