3000 KM दूर समुद्री लुटेरों को भारतीय नौसेना ने सिखाया सबक, 48 घंटे में बचाई 20 जान

# ## National

नई दिल्ली। अरब सागर में समुद्री लुटेरों के खतरे के बीच भारतीय नौसेना ने बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अजिनी’ के 20 ईरानी चालक दल सदस्यों की जान बचाई। करीब 48 घंटे तक चले इस अभियान में सभी नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया। इस सफल कार्रवाई के लिए नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास ने भारत सरकार, भारतीय नौसेना और वायुसेना का आभार जताया है।

ईरानी दूतावास ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। दूतावास ने कहा कि भारतीय नौसेना और वायुसेना ने समुद्री लुटेरों से 20 ईरानी क्रू मेंबर्स को बचाने के लिए सफल अभियान चलाया। ईरान ने भारतीय बलों के पेशेवर रवैये, साहस और आपसी तालमेल की सराहना की।

भारत-ईरान की दोस्ती और सहयोग का उदाहरण बताया

दूतावास ने इस कार्रवाई को मानवीय सहायता और आपदा राहत के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। बयान में कहा गया कि सीमाओं से परे जाकर लोगों की जान बचाने में भारत की भूमिका अहम है। ईरानी दूतावास ने इस अभियान को भारत और ईरान के बीच दोस्ती, एकजुटता और सहयोग की भावना का बड़ा उदाहरण भी बताया। साथ ही रेस्क्यू में योगदान देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया।

मुंबई से 3000 किलोमीटर से ज्यादा दूर चला अभियान

भारतीय नौसेना ने दो नवंबर 2026 को अरब सागर में यह अभियान चलाया था। करीब 48 घंटे तक चले ऑपरेशन का क्षेत्र मुंबई से 3000 किलोमीटर से अधिक दूर था। इस कार्रवाई में भारतीय युद्धपोत आईएनएस कोलकाता ने अहम भूमिका निभाई, जबकि भारतीय वायुसेना ने भी सहयोग किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस सफल अभियान की सराहना की। उन्होंने एक्स पर कहा कि यह कार्रवाई हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, लोगों की जान बचाने और स्थिरता बनाए रखने के प्रति भारत के दृढ़ संकल्प को दर्शाती है।