यूपी के झांसी में कुछ युवकों की क्रूरता का एक वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। युवकों पर मनोरंजन और वीडियो बनाने के नाम पर एक बेजुबान जीव के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने का आरोप है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कुछ युवक एक जिंदा चूहे को रस्सी से बांधकर गेट पर लटकाते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद चूहे पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा देते हैं। इस पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड भी किया गया है।
क्रूरता वाला वीडियो सामने आने के बाद उठा संवेदनशीलता का मुद्दा
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वायरल फुटेज में दिखाई दे रही हरकत ने पशु-पक्षियों के प्रति इंसानी संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस बेजुबान जीव को अपनी पीड़ा बताने तक का मौका नहीं मिलता, उसके साथ इस तरह की क्रूरता किए जाने को लेकर लोगों में नाराजगी है।
पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
मामले ने तूल पकड़ा तो पुलिस ने भी वायरल वीडियो का संज्ञान लिया। शिकायत और उपलब्ध वीडियो के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को नामजद किया है। पुलिस ने जुनैद कुरैशी, जीशान कुरैशी, आसिफ कुरैशी और सफीक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज मुकदमे की संख्या 319/26 बताई गई है
सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस तक पहुंचा वीडियो
इस संबंध में सीओ सिटी प्रिया सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया था। इसमें एक जीवित चूहे पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे जलाने की घटना दिखाई दे रही थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना शहर कोतवाली में तत्काल मुकदमा पंजीकृत कराया है। प्रकरण में अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि इससे पहले, हाल ही में UP में इंसान और जानवरों के टकराव में 4 हजार से ज्यादा मौतें होने की बात सामने आई थी। सीएम योगी ने लोगों को चेताया और जागरूकता बढ़ाने की अपील की थी।
