वाराणसी में पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सिपाही को लगीं 3 गोलियां; मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार

# ## Varanasi Zone

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शुक्रवार देर शाम पुलिस टीम पर फायरिंग की बड़ी घटना सामने आई। लंका थाना क्षेत्र के सुंदरपुर स्थित आशुतोष नगर में असलहा तस्करों की सूचना पर दबिश देने पहुंची क्राइम टीम के सिपाही अमित शुक्ला पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। सिपाही को पेट, पीठ और हाथ में तीन गोलियां लगीं। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया

असलहा तस्करों की सूचना पर दबिश देने पहुंची थी टीम

जानकारी के मुताबिक, लंका थाने की क्राइम टीम को सुंदरपुर के आशुतोष नगर में तीन असलहा तस्करों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम वहां दबिश देने पहुंची। बताया जा रहा है कि घटना नरिया तिराहे के पास हुई। पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान कांस्टेबल अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगीं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

पुलिस कमिश्नर समेत आला अधिकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे

सिपाही पर फायरिंग की सूचना मिलते ही वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। अधिकारियों ने घायल सिपाही के स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं, डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।