ब्रासीलिया। अमेरिका महाद्वीप के नेताओं ने ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा को विपक्षी उम्मीदवार फ्लावियो बोल्सोनारो को हरा कर अभूतपूर्व चौथी बार राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर सोशल मीडिया पर बधाई दी। क्षेत्र के अन्य वामपंथी रुझान वाले नेताओं ने नतीजों पर विशेष रूप से तेजी से प्रतिक्रिया दी। लूला को लातिन अमेरिका के वामपंथी खेमे में एक सम्मानित नेता माना जाता है। उन्होंने 2003 से 2010 तक ब्राजील का शासन संभाला था। उस समय क्षेत्र के कई देशों में वामपंथी नेता सत्ता में थे। वर्ष 2023 में दोबारा सत्ता में लौटने के बाद से लूला, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुखर आलोचक रहे हैं।
पीएम मोदी ने दी बधाई, कहा-नई मजबूती के साथ दोनो देश करेगें काम
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा को उनकी शानदार चुनावी जीत पर सोमवार को बधाई दी और कहा कि वह दोनों देशों के बीच बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी को और गहरा एवं व्यापक बनाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हैं। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मेरे प्रिय मित्र राष्ट्रपति लूला को उनकी शानदार चुनावी जीत पर हार्दिक बधाई। मैं भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी को और गहरा एवं व्यापक बनाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं।” पीएम मोदी ने कहा कि वह भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी को और गहरा तथा व्यापक बनाने के लिए लूला के साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हैं। भारत और ब्राजील मिलकर विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करना जारी रखेंगे, ग्लोबल साउथ की साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाएंगे और अधिक समावेशी, न्यायसंगत एवं टिकाऊ विश्व के निर्माण की दिशा में काम करेंगे। ब्राजील की निर्वाचन अदालत के अनुसार, सभी मतों की गिनती पूरी होने के बाद लूला ने अपने प्रतिद्वंद्वी फ्लावियो बोल्सोनारो पर करीब 44 लाख मतों की बढ़त हासिल की और उन्हें कुल मतों के 51.8 प्रतिशत मत प्राप्त हुए।
अमेरिका महाद्वीप के वामपंथी रुझान वाले नेताओं ने ब्राजील में लूला की जीत का स्वागत किया
लूला की जीत पर मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने कहा, ”लोकतंत्र जिंदाबाद, ब्राजील की जनता की जीत हुई है। राष्ट्रपति लूला को बधाई।”
क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल ने कहा, ”प्रिय भाई लूला, क्यूबा की सरकार और जनता की ओर से मैं आपको इस ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई देता हूं। यह जीत आपके नेतृत्व में ब्राजील की जनता द्वारा अपनाए गए शांति, संप्रभुता और सामाजिक न्याय के मार्ग को जारी रखना सुनिश्चित करती है।”
वहीं, अर्जेंटीना की पूर्व राष्ट्रपति क्रिस्टीना किर्चनर ने कहा, ”कॉमरेड राष्ट्रपति लूला, आपको बधाई। आपने अपने सातवें राष्ट्रपति चुनाव में अपने हमवतन लोगों के जोश और विवेक को जगाया और उन्हें इस लड़ाई में जीत दिलाई।”
आर्थिक एकीकरण और अपराध पर सहयोग की उम्मीद
चिली के राष्ट्रपति जोस एंटोनियो कास्त ने कहा, ”चिली और ब्राजील के सामने साझा भविष्य की व्यापक संभावनाएं हैं। हम अपने देशों के बीच आर्थिक एकीकरण और क्षेत्र में संगठित अपराध से मुकाबले के लिए संबंध मजबूत करने वाले एजेंडे पर काम जारी रखेंगे।”
इक्वाडोर के राष्ट्रपति डैनियल नोबोआ ने कहा, ”इस जीत के लिए लूला को बधाई। हमारे क्षेत्र के दुश्मन साझा हैं, चुनौतियां समान हैं और मिलकर काम करने पर हमें बहुत कुछ हासिल हो सकता है।”
इस बीच, पेरू के राष्ट्रपति केइको फुजीमोरी और बोलीविया के राष्ट्रपति रोड्रिगो पाज ने भी लूला को बधाई दी। अमेरिका के सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने कहा, ”लूला ने ब्राजील के श्रमिकों और लोकतंत्र के पक्ष में आवाज उठाई है तथा अगले चार वर्षों में भी ऐसा करते रहेंगे।
