सआदतगंज में खाली प्लॉट पर कार खड़ी करने के मामूली विवाद में सोमवार को सरेआम गोली मारकर हत्या किए जाने मामले में संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को तुरंत प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है।
SO और चौकी इंचार्ज निलंबित
पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने सआदतगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी अजय कुमार चौरसिया को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई तेजी से जारी है और इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
RSS सह-कार्यवाह समेत परिवार के 3 लोगों की मौत
नौबस्ता के ब्राह्मणी टोला में सोमवार को खाली प्लॉट में कार पार्क करने को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि गोलियां चलने लगीं। इस ताबड़तोड़ गोलीबारी में तिवारी परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के जिला सह-कार्यवाह शिवाजी तिवारी, शिवेंद्र तिवारी (55) और सुयश तिवारी (30) शामिल हैं। एक साथ परिवार के तीन चिराग बुझने से इलाके में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला गिरफ्तार, पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला (30) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल और चार खाली खोखे भी बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए अदालत में पेश किया जा रहा है।
घटना के संबंध में शिवेंद्र तिवारी की पत्नी रुचि तिवारी की तहरीर के आधार पर आरोपी ऋषभ शुक्ला समेत आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।
परिजनों का प्रदर्शन, BJP नेताओं ने उठाए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
घटना की खबर फैलते ही आरएसएस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई वरिष्ठ नेता पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। परिजनों ने अपनों को खोने के बाद न्याय की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की।
मौके पर पहुंचे भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री अभिजात मिश्रा ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर कड़े सवाल खड़े किए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “पुलिस को आरोपी के आपराधिक इतिहास और रवैये की पूरी जानकारी पहले से थी। अगर वक्त रहते पुलिस ने सख्त कदम उठाया होता, तो आज तीन जानें न जातीं और इस दर्दनाक घटना को टाला जा सकता था। हम सिर्फ दो लोगों पर निलंबन नहीं, बल्कि पूरे सआदतगंज थाने के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहते हैं।”
इलाके में पुलिस बल तैनात, स्थिति नियंत्रण में
तिहरे हत्याकांड के बाद से ही नौबस्ता और आसपास के इलाकों में माहौल बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है। हालांकि, आला अधिकारियों का दावा है कि भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस का कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
