Shahjahanpur News: प्यार के लिए छोड़ा घर, नैनीताल में रचाई शादी, बरेली में खाया जहर

# ## Bareilly Zone

साथ जीने की चाह में घर छोड़कर नैनीताल में शादी करने वाले प्रेमी युगल ने सोमवार शाम बरेली के गांधी उद्यान में जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों शाहजहांपुर जिले के रहने वाले हैं। हालत बिगड़ने पर वे खुद जिला अस्पताल पहुंचे, जहां से गंभीर स्थिति में उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना पर सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली।

शाहजहांपुर के बंडा थाना क्षेत्र के गांव गुरसंडा रायपुर निवासी संदीप की पहचान तिलहर की अनन्या से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए और उन्होंने साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया। लेकिन अलग-अलग जातियों के होने के कारण परिवारों की रजामंदी मिलने की उम्मीद कम थी। इसी वजह से दोनों ने घर छोड़ने का निर्णय लिया।

24 अक्तूबर को अनन्या और संदीप बरेली में मिले। यहां से दोनों नैनीताल चले गए और एक मंदिर में शादी कर ली। शादी के बाद उन्हें उम्मीद थी कि परिवार उन्हें स्वीकार कर लेंगे। सोमवार को दोनों बरेली लौटे। कुछ देर शहर में घूमने के बाद शाम को गांधी उद्यान पहुंचे। यहां परिवार के विरोध की आशंका और भविष्य की चिंता के बीच दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया।

इसके बाद दोनों खुद जिला अस्पताल पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने अस्पताल पहुंचकर दोनों से जानकारी ली। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।

परिवार की असहमति का सता रहा था डर

पुलिस को दिए बयानों में प्रेमी युगल ने बताया कि उन्हें आशंका थी कि अलग-अलग जातियों के कारण उनके परिवार शादी को स्वीकार नहीं करेंगे। इसी डर के चलते दोनों ने सोमवार शाम करीब सात बजे गांधी उद्यान में सल्फास खा लिया प्रेमी युगल ने घर छोड़कर शादी तो कर ली, लेकिन परिवार की सहमति को लेकर मन में बना डर दूर नहीं हुआ। पुलिस को दिए बयानों के मुताबिक, दोनों को आशंका थी कि अलग-अलग जातियों के कारण परिजन उनके रिश्ते को स्वीकार नहीं करेंगे। ऐसे में शादी के बाद आगे की जिंदगी कैसे चलेगी, यह चिंता भी उन्हें सता रही थी। बरेली लौटने के बाद दोनों ने गांधी उद्यान में जहरीला पदार्थ खा लिया। फिलहाल दोनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।