Share Market Today: शेयर बाजार में गिरावट के साथ करोबार की शुरुआत, सेंसेक्स 536 अंक टूटा, निफ्टी भी 22,403 के नीचे फिसला

# ## Business

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। वैश्विक अनिश्चितताओं, कच्चे तेल की कीमतों और इस सप्ताह अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले से पहले निवेशकों की सतर्कता ने बाजार पर दबाव बनाया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 536.30 अंक लुढ़ककर 72,583.86 पर आ गया, जबकि निफ्टी 200.10 अंक गिरकर 22,402.80 के स्तर पर पहुंच गया।

बड़े शेयरों में बिकवाली, इन कंपनियों को नुकसान

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इन्फोसिस, बजाज फिनसर्व और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। वहीं, कोटक महिंद्रा बैंक, सन फार्मा, अदाणी पोर्ट्स और एक्सिस बैंक के शेयर लाभ में रहे।

कच्चे तेल और फेड के फैसले पर नजर

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 2.14 प्रतिशत गिरकर 114.2 डॉलर प्रति बैरल पर रही। इसके बावजूद तेल की ऊंची कीमतें और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताएं निवेशकों की चिंता का कारण बनी हुई हैं। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आगामी नीतिगत फैसले से पहले बाजार में सतर्कता भी देखने को मिली।

एशियाई बाजारों में भी कमजोरी

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कम्पोजिट गिरावट में कारोबार कर रहे हैं जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

विदेशी निवेशकों ने खरीदे शेयर

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 887.65 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की थी। हालांकि, पिछले कारोबारी सत्र में भी बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। शुक्रवार को सेंसेक्स 125.56 अंक और निफ्टी 87.65 अंक टूटकर बंद हुए थे।